शिमला में HRTC ड्राइवर को हरियाणा के युवकों ने पीटा:ओवरटेक से भड़के स्कॉर्पियो सवार; 4 आरोपी गिरफ्तार; पति-पत्नी भी शामिल

Spread the love

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के कच्चीघाटी इलाके में रविवार सुबह एचआरटीसी (HRTC) वॉल्वो बस ड्राइवर को बीच सड़क हरियाणा के स्कार्पियो सवार युवकों ने पीट दिया। घटना ओवरटेक करने के विवाद को लेकर हुई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना के विरोध में HRTC के ड्राइवरों और कंडक्टरों ने पुराने बस अड्डे पर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी तक बसों का संचालन रोक दिया। बाद में पुलिस द्वारा चारों आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि के बाद बस सेवाएं दोबारा शुरू कर दी गईं। दिल्ली से शिमला जा रही थी वॉल्वो बस जानकारी के अनुसार, दिल्ली से शिमला आ रही HRTC वॉल्वो बस ने रास्ते में हरियाणा नंबर की एक स्कॉर्पियो को ओवरटेक किया था। आरोप है कि इससे नाराज स्कॉर्पियो सवार युवकों ने बस का पीछा करना शुरू कर दिया। कच्चीघाटी पहुंचने पर आरोपियों ने अपनी गाड़ी बस के आगे लगाकर उसे रुकवा लिया। इसके बाद बस ड्राइवर के साथ बीच सड़क मारपीट की गई। अचानक हुई घटना से बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। पंचकूला के रहने वाले सभी आरोपी मारपीट की सूचना मिलते ही बालूगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दो आरोपियों को मौके से ही पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज (33) पुत्र शिव कुमार और विकास कुमार (22) पुत्र विलक्षण राम निवासी अभयपुर, पंचकूला (हरियाणा) के रूप में हुई है। घटना के बाद दो फरार हो गए थे घटना के बाद दो आरोपी ठियोग की ओर फरार हो गए थे। ठियोग पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर बालूगंज थाना पुलिस के हवाले कर दिया। बाद में दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनकी पहचान प्रतिभा पत्नी विक्की कुमार और विक्की कुमार पुत्र शिव कुमार निवासी गांव अभयपुर, पंचकूला, हरियाणा के रूप में हुई है। कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन मारपीट की घटना के बाद एचआरटीसी कर्मचारियों में भारी रोष देखने को मिला। ड्राइवरों और परिचालकों ने पुराने बस अड्डे पर नारेबाजी करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। कुछ समय के लिए बसों का संचालन भी प्रभावित रहा।