शादी के 13 दिन बाद युवती की मौत:यमुनानगर में स्कूल बस के नीचे सिर आया, ननद ने भी दम तोड़ा, पति गंभीर घायल

Spread the love

यमुनानगर में मंगलवार सुबह एक स्कूल बस ने बाइक सवारों को कुचल दिया। इस हादसे में ननद-भाभी की मौत हो गई। युवती का की शादी 13 दिन पहले ही हुई थी। हादसे में उसका पति भी गंभीर रूप से घायल है। तीनों सुबह मंदिर में पूजा करने जा रहे थे। छछरौली-पांवटा साहिब रोड पर मानकपुर इंडस्ट्री के पास यह हादसा हुआ। मृतकों की पहचान यमुनानगर के ही गंगानगर कॉलोनी निवासी खुशबू (25) और यूपी के इटावा निवासी पूजा (18) के तौर पर हुई है। खुशबू के पति शिवकुमार का इलाज चल रहा है। परिवार ने आरोप लगाया कि बस ड्राइवर ने नशा किया हुआ था। फिलहाल पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। हादसे के बाद की 3 तस्वीरें… 29 अप्रैल को हुई थी शादी खुशबू की शादी 29 अप्रैल को गंगानगर कॉलोनी निवासी शिव कुमार के साथ हुई थी। शिवकुमार यमुनानगर में ही एक फैक्ट्री में काम करता है। पूजा शिवकुमार की मौसी की बेटी थी। वह शादी में शामिल होने के लिए यमुनानगर आई थी। तब से वह शिवकुमार के घर ही रुकी हुई थी। मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे शिव कुमार अपनी पत्नी खुशबू और बहन पूजा को लेकर स्प्लेंडर बाइक पर पंचमुखी हनुमान मंदिर जा रहा था। बस ने पीछे से टक्कर मारी तीनों मंदिर में माथा टेकने के लिए निकले थे। जब वे छछरोली-पांवटा साहिब हाईवे पर मानकपुर इंडस्ट्री के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक स्कूल बस ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में खुशबू और पूजा सड़क पर जा गिरीं। खुशबू के सिर के ऊपर से निकला पहिया खुशबू के सिर के ऊपर से बस का पहिया निकल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पूजा भी बस की चपेट में आ गई और उसने भी दम तोड़ दिया। वहीं शिव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। स्थानीय लोगों ने घायल शिव कुमार को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। बस में 15 बच्चे सवार थे बताया जा रहा है कि स्कूल बस में करीब 15 बच्चे सवार थे। हादसे के बाद बच्चे भी डर गए। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस ने बाइक को पीछे से टक्कर मारी थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पिता बोला- नशे में धुत्त था ड्राइवर शिवकुमार के पिता रामदिया ने कहा बेटे की हालत कुछ ठीक है, लेकिन मेरी बहू और बेटी की जान चली गई। बस का ड्राइवर नशे में धुत्त था। अगर बस पलट जाती तो कितने बच्चों की जान जा सकती थी। उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।