करनाल के सेक्टर-9 में 15 मई को दिनदहाड़े हुई डिंपल अरोड़ा की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। अब इस मामले में बड़ा खुलासा हुआ है कि इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड विकास उर्फ विक्की मेहला है, जो पिछले 10 साल से ऑस्ट्रेलिया में रह रहा है और वहीं से उसने पूरी साजिश रची। पुलिस के मुताबिक, यह पूरा मामला पार्किंग को लेकर चल रहे पुराने विवाद से जुड़ा हुआ है, जो धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि हत्या तक पहुंच गया। घर के सामने ही बनी है मास्टरमाइंड की कोठी
जानकारी के मुताबिक, विकास मेहला ने डिंपल अरोड़ा के घर के पास ही तीन मंजिला कोठी बना रखी है। डिंपल के घर के सामने उसने एक छोटा गेट लगाया हुआ था, जहां पार्किंग की जाती थी। इसी पार्किंग को लेकर दोनों परिवारों के बीच करीब दो से ढाई साल से विवाद चल रहा था। मुख्य आरोपी विकास और उसकी मां फिलहाल ऑस्ट्रेलिया में रह रहे हैं। उसके परिवार में मां और दो बहनें हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। कोठी के ऊपर के दो फ्लोर किराए पर दिए गए हैं, जबकि इंद्रपाल की मौत के बाद से ग्राउंड फ्लोर खाली पड़ा है। 15 मई: घर के बाहर मारी गई गोली
15 मई को डिंपल अरोड़ा अपने ऑफिस से लंच के लिए घर आई थीं। जैसे ही वह घर के बाहर स्कूटी लॉक कर रही थीं, तभी हेलमेट पहने एक युवक बाइक पर आया और उनके सिर में गोली मार दी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पार्किंग विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हत्या के पीछे पार्किंग को लेकर चल रहा पुराना विवाद है। करीब दो-ढाई साल पहले डिंपल अरोड़ा के पड़ोसी इंद्रपाल ने अपने घर के बाहर पिलर लगवा दिए थे, ताकि वहां कोई वाहन पार्क न कर सके। इस पर डिंपल के परिवार ने आपत्ति जताई और कहा कि यह सरकारी जगह है, जिस पर कब्जा नहीं किया जा सकता। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों में लगातार तनाव बढ़ता गया। 200 से ज्यादा शिकायतें, फिर भी नहीं निकला हल
यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने अलग-अलग विभागों में 200 से ज्यादा शिकायतें दीं। इनमें पुलिस, एचएसवीपी विभाग, डीसी और एसपी कार्यालय के साथ-साथ सीएम विंडो तक शिकायतें पहुंचीं, लेकिन किसी भी स्तर पर कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया। लगातार बढ़ते विवाद ने दोनों परिवारों के बीच गहरी रंजिश पैदा कर दी। पिता की मौत के बाद और गहराया विवाद
इसी दौरान इंद्रपाल की एक्सीडेंट से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, इंद्रपाल के बेटे विकास मेहला ने अपने पिता की मौत के लिए डिंपल अरोड़ा को जिम्मेदार ठहराया। यही वजह बनी कि उसने बदला लेने की ठान ली और हत्या की साजिश रच डाली। विदेश में बैठकर रची गई साजिश
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, विकास मेहला का संपर्क कुरुक्षेत्र के गांव सलेमपुर निवासी शूटर विकास उर्फ संजू से हुआ। इसके बाद संजू बैंकॉक (थाईलैंड) पहुंचा, जहां दोनों की मुलाकात हुई। वहीं बैठकर डिंपल अरोड़ा की हत्या की पूरी योजना तैयार की गई। रेकी के बाद वारदात को दिया अंजाम
भारत लौटने के बाद शूटर संजू ने कई बार डिंपल अरोड़ा के घर की रेकी की। उसने उनके आने-जाने का समय नोट किया और सही मौके का इंतजार करता रहा। 15 मई को वह करीब एक घंटे पहले इलाके में पहुंच गया और मौका मिलते ही गोली मारकर हत्या कर दी। पुरानी बाइक से पहुंचा था शूटर
पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात के लिए इस्तेमाल की गई बाइक भी विकास मेहला ने ही शूटर को दिलवाई थी। यह एक पुरानी बाइक थी, ताकि पहचान से बचा जा सके और फरार होना आसान हो। 17 मई: मुठभेड़ में पकड़ा गया आरोपी
घटना के दो दिन बाद 17 मई की रात पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान शूटर विकास उर्फ संजू को गिरफ्तार कर लिया। वह कुरुक्षेत्र के लाडवा क्षेत्र के गांव सलेमपुर का रहने वाला है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि संजू पहले भी हत्या के मामले में 20 साल की सजा काट रहा था। जमानत पर बाहर आने के बाद वह फरार हो गया था। हाल ही में वह थाईलैंड से भारत लौटा था और लौटते ही इस वारदात को अंजाम दिया।्र बच्चों ने पुलिस जांच पर उठाए सवाल
घटना के 9वें दिन यानी 23 मई को डिंपल अरोड़ा के बेटे देवांश और बेटी गुनगुन मीडिया के सामने आए। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें शक है कि असली शूटर अभी पकड़ा नहीं गया है। ऑस्ट्रेलिया में बैठा मास्टरमाइंड
डीएसपी राजीव कुमार के अनुसार, इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड विकास उर्फ विक्की मेहला ऑस्ट्रेलिया के पर्थ में रह रहा है और वहां उसका पीआर है। हरियाणा सरकार की ओर से ऑस्ट्रेलिया सरकार को नोटिस भेजा जाएगा, जिसके बाद उसे भारत डिपोर्ट करने की प्रक्रिया शुरू होगी। 26 मई को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 6 दिन की रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब उससे गहन पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और साजिश के अन्य पहलुओं का खुलासा करने की कोशिश कर रही है।
करनाल में दिनदहाड़े डिंपल अरोड़ा हत्याकांड:ऑस्ट्रेलिया में बैठा मास्टरमाइंड विकास, पार्किंग विवाद बना खून-खराबे की वजह
