हरियाणा में भाजपा की राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल को ‘बदमाश’ कहे जाने को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। इस बयान पर भाजपा के भीतर ही विरोध शुरू हो गया है। भजनलाल के छोटे बेटे कुलदीप बिश्नोई के करीबी भाजपा विधायक रणधीर पनिहार ने कहा है कि वह इस मामले को मुख्यमंत्री नायब सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली और केंद्रीय नेतृत्व के सामने उठाकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे। दैनिक भास्कर से बातचीत में विधायक रणधीर पनिहार ने कहा, “मैं बेहद हैरान हूं। रेखा शर्मा जैसी वरिष्ठ नेता को इस तरह की टिप्पणी करने से पहले सोचना चाहिए था। मुझे रात को ही इसकी जानकारी मिल गई थी और इससे मुझे बहुत पीड़ा हुई। पूरे देश में चौधरी भजनलाल और बंसीलाल को लेकर लोगों में गहरी श्रद्धा है।” कांग्रेस विधायक चंद्रमोहन रेखा शर्मा को लीगल नोटिस भेज चुके हैं। भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई और उनके बेटे भव्य बिश्नोई की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हिसार में आज बिश्नोई सभा की मीटिंग सांसद रेखा शर्मा के बयान से बिश्नोई समाज में भी नाराजगी देखने को मिल रही है। इस मुद्दे को लेकर आज हिसार के बिश्नोई मंदिर में सुबह साढ़े 11 बजे बिश्नोई सभा की बैठक बुलाई गई है। बिश्नोई सभा, हिसार के प्रधान जगदीश कड़वासरा ने कहा कि रेखा शर्मा को सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी चाहिए। अगर सांसद ने माफी नहीं मांगी तो उनका विरोध किया जाएगा। उनके जहां कार्यक्रम होंगे, बिश्नोई समाज विरोध करेगा। वहीं बिश्नोई सभा, हिसार के पूर्व प्रधान प्रदीप बेनीवाल ने कहा कि भाजपा सांसद का बयान पूरी तरह गलत है। चौधरी भजनलाल एक बेहद अच्छे इंसान और युगपुरुष थे, जिन्होंने कभी गंदी राजनीति नहीं की। बेनीवाल ने यह भी कहा कि भाजपा नेता पहले भी भजनलाल पर टिप्पणी कर चुके हैं। कुलदीप बिश्नोई को अपने पिता और बड़े भाई के लिए बोलना चाहिए। अब जानिए कैसे शुरू हुआ विवाद… सेक्टर-5 में जनसभा को संबोधित कर रही थीं 24 अप्रैल को पंचकूला में भाजपा के मेयर प्रत्याशी श्यामलाल बंसल ने नामांकन दर्ज किया। इससे पहले सेक्टर-5 में जनसभा रखी गई थी। यहां रेखा शर्मा ने मंच से कहा, “श्यामलाल बंसल ने वो समय भी देखा है, जब यहां पर कांग्रेस की बदमाशी थी। जब यहां बदमाशी थी भजनलाल की और चंद्रमोहन की। पूरी तरह बदमाशी करके ये इलेक्शन जीते थे।” भजनलाल का नाम लेने से पहले रेखा बंसीलाल भी बोल रही थीं, लेकिन वह बीच में ही रुक गईं। बाद में रेखा शर्मा ने कहा- 1996 में शामलाल बंसल को बदमाशी और धोखे से हराया गया था। बंसीलाल का नाम गलती से निकल गया। चौधरी बंसीलाल तो उस समय भाजपा के साथ चुनाव लड़ रहे थे। चंद्रमोहन ने रेखा शर्मा को लीगल नोटिस भेजा रेखा शर्मा का वीडियो सामने आने के बाद पंचकूला से कांग्रेस विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के बड़े बेटे चंद्रमोहन ने उन्हें लीगल नोटिस भेजा है। नोटिस में चंद्रमोहन ने कहा कि अगर बदमाशी से चुनाव जीते जाते, तो जनता उन्हें पांच बार नहीं चुनती। वे हमेशा पंचकूला और हरियाणा के विकास के लिए समर्पित रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भजनलाल ने कभी किसी अन्य दल के नेता के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं की। इसके बावजूद सांसद रेखा शर्मा ने चुनावी सभा में उनके परिवार की छवि को जानबूझकर धूमिल करने के लिए अभद्र टिप्पणी की, जो लोकतंत्र और सामाजिक मर्यादा के खिलाफ है। नोटिस में रेखा शर्मा से सात दिनों के भीतर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा गया है। ————————– ये खबर भी पढ़ें :- BJP सांसद ने पूर्व CM भजनलाल को बदमाश बताया:रेखा शर्मा बोलीं- इन्होंने बदमाशी करके इलेक्शन जीते; कांग्रेस MLA ने भेजा नोटिस, कहा- माफी मांगें हरियाणा में भाजपा की राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल पर विवादित बयान दिया। रेखा शर्मा ने कहा कि इस एरिया में भजनलाल और उनके बेटे चंद्रमोहन (कांग्रेस विधायक) की बदमाशी थी। बदमाशी करके इन्होंने इलेक्शन जीते थे। पढ़ें पूरी खबर…
भजनलाल को बदमाश कहने पर BJP में ही विवाद:MLA बोले- सांसद को सोचकर बोलना चाहिए था, CM के पास जाऊंगा; कुलदीप बिश्नोई चुप
