नूंह में वेयरहाउस में भीषण आग:कर्मचारियों को बाहर निकाला गया, शॉर्ट सर्किट का शक, करोड़ों के नुकसान की आशंका

Spread the love

नूंह जिले के तावड़ू उपमंडल के जोरासी गांव में मंगलवार को एक होलसेल वेयरहाउस में भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में वेयरहाउस में रखा करोड़ों रुपए का सामान जलने का अनुमान है। राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वेयरहाउस से अचानक धुआं उठना शुरू हुआ और कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। गोदाम में रखे ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैली और पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और काले धुएं का गुबार करीब 10 किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था। गई शहरों से बुलाई गई फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग की सूचना मिलते ही तावड़ू फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की तीव्रता को देखते हुए भिवाड़ी, बिलासपुर, सोहना और नूंह से भी अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को बुलाया गया। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र को घेर लिया और भीड़ को नियंत्रित करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को सुचारू रूप से संचालित किया। करोड़ों का नुकसान होने का अनुमान प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, वेयरहाउस में भारी मात्रा में माल रखा हुआ था, जिसके चलते करोड़ों रुपए के नुकसान का अनुमान है। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा सकेगा। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मामले की जांच में जुटी हुई हैं।