करनाल जिले में बड़ा गांव के पास जयरामपुर रोड पर हुए सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक अपने पिता को लेने के लिए बाइक पर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कैंटर ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव जोहड़माजरा कला निवासी बलवान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बाबा राम दास स्कूल कलवेहड़ी से छुट्टी के बाद घर जाने के लिए बड़ा गांव अड्डे पर खड़ा था। उसने अपने 18 वर्षीय बेटे कृष को कल फोन करके वहां बुलाया था। इसी दौरान स्कूल बस के ड्राइवर राजपाल ने उसे बताया कि जयरामपुर रोड पर एक युवक का एक्सीडेंट हो गया है और शक है कि वह उसका बेटा हो सकता है। मौके पर पहुंचा तो एंबुलेंस में मिला बेटा
सूचना मिलने के बाद बलवान किसी से लिफ्ट लेकर मौके पर पहुंचा। वहां एक एंबुलेंस खड़ी थी, जिसमें एक युवक घायल हालत में था। पास जाकर देखने पर वह उसका बेटा कृष निकला। कृष अपने पड़ोसी महेंद्र पाल की बाइक पर सवार होकर पिता को लेने आ रहा था। कैंटर ने मारी सीधी टक्कर
शिकायत के अनुसार मौके पर खड़े टाटा कैंटर ने तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में कृष गंभीर रूप से घायल हो गया। पिता उसे तुरंत एंबुलेंस से सिविल अस्पताल करनाल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने डेड हाउस पहुंचकर की कार्रवाई
सूचना मिलने पर पुलिस टीम डेड हाउस करनाल पहुंची। वहां बलवान ने लिखित शिकायत दी। जांच में सामने आया कि कैंटर ड्राइवर की लापरवाही से हादसा हुआ है। पुलिस ने अज्ञात ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
करनाल में कैंटर ने बाइक को मारी टक्कर:युवक की मौत, बस अड्डे से पिता को लेने जा रहा था
