यूपी में पारा 44.4°C, हाथी बार-बार खुद नहा रहा:40 जिलों में लू की चेतावनी, कानपुर में चलती बाइक पर युवक की मौत

Spread the love

यूपी में भीषण गर्मी और लू चल रही है। सुबह से तेज धूप निकली है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को 40 जिलों में लू की चेतावनी जारी की है। सीजन में पहली बार 17 जिलों में वार्म नाइट का अलर्ट है। यानी रातें भी गर्मी होंगी। मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि आज और कल भीषण गर्मी पड़ेगी। दिन में पारा 45°C के पार पहुंचेगा। रात में वार्म नाइट अलर्ट है। ऐसे में पारा सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस तक अधिक होगा। 26 अप्रैल से 4 दिन आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश होगी। इधर, गुरुवार को कानपुर में चलती बाइक पर बैठे 45 साल के सुनील कुमार की मौत हो गई। परिवार का कहना है कि तेज धूप की वजह से हीट स्ट्रोक हुआ और जान चली गई। हालांकि, डॉक्टरों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम के बाद ही मौत की सही वजह साफ होगी। बढ़ती गर्मी को देखते हुए आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी में दोपहर 12 से 4 बजे तक मजदूरों के काम करने पर रोक लगा दी गई है। गोरखपुर चिड़ियाघर में हाथी बार-बार खुद ही सूंड से खुद पर पानी डाल रहा है। लखनऊ जू में जानवरों के लिए बर्फ की सिल्ली, कूलर और स्प्रिंकलर (फव्वारे) के इंतजाम किए गए हैं। कानपुर में बाघ को ORS का घोल दिया जा रहा है। पिछले 24 घंटों की बात करें तो प्रदेश के 30 जिलों का पारा 40°C या इससे ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। बांदा सबसे गर्म रहा। यहां पारा 44.4°C पहुंच गया। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया- 26 अप्रैल से एक नए विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश भर में बादलों की सक्रियता बढ़ेगी। शुरुआत में पश्चिमी यूपी और तराई वाले इलाकों में बूंदाबांदी से पारे में गिरावट आएगी। इसके बाद पूरे प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ बारिश होगी। पारे में 2-3°C की गिरावट आ सकती है। 29 अप्रैल तक मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। मौसम की 4 तस्वीरें… मौसम के पल-पल के अपडेट के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए-