अलीगढ़ में रविवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार मोहम्मद इंतसाब (30) को रौंद दिया। टक्कर लगते ही उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ने ट्रक रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और बाइक को करीब 3 किलोमीटर तक घसीटता ले गया, जिससे शव के टुकड़े हो गए। हाईवे पर रगड़ से निकली चिंगारियों के कारण बाइक में आग लग गई और वह पूरी तरह जल गई। हादसा सासनी गेट क्षेत्र की है। हादसे के बाद दिल्ली-आगरा हाईवे पर जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर यातायात बहाल कराया। मृतक इंतसाब भुजपुरा का रहने वाला था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है। पढ़ें पूरी खबर… लखनऊ में अस्पताल से लौट रहे युवक को थार ने उड़ाया, 50 फीट उछलकर गिरा; मौत लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र में अस्पताल से घर लौट रहे एक युवक को तेज रफ्तार थार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक उछलकर करीब 50 फीट दूर जा गिरा। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान मंडोली गांव निवासी शिवमंगल के बड़े बेटे हिमालय (26) के रूप में हुई। हिमालय का छोटा भाई हिमांशु कुछ दिन पहले आम के पेड़ से गिरकर घायल हो गया था। उसका इलाज गांव से करीब 7 किलोमीटर दूर ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के बालागंज स्थित एरा हॉस्पिटल में चल रहा है। हिमालय अपने भाई को खाना देकर अस्पताल से घर लौट रहा था, तभी गांव के बाहर यह हादसा हो गया। पढ़ें पूरी खबर… मैनपुरी में बल्ली टूटने से दुकान का लेंटर गिरा, मलबे में 9 मजदूर दबे; एक की मौत
मैनपुरी में रविवार को निर्माणाधीन दुकान का लेंटर गिर गया। हादसे में 8 मजदूर घायल हो गए। जबकि एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लेंटर का काम लगभग पूरा हो चुका था और मशीन हटाई जा रही थी। इसी दौरान शटरिंग में लगी एक बल्ली अचानक टूट गई, जिससे पूरा लेंटर भरभराकर नीचे गिर गया। सूचना एसडीएम तहसीलदार तथा सीओ पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पढ़ें पूरी खबर…
दिल्ली से घर लौटे युवक की हत्या,खेत में मिला शव, कन्नौज में प्रेमिका ने घरवालों को दी खबर, युवती के परिवार पर हत्या का आरोप कन्नौज में दिल्ली से घर लौट रहे युवक का शव रविवार सुबह गांव के बाहर खेत में पड़ा मिला। हत्यारों ने उसके चेहरे और सिर को ईंटों से बुरी तरह कुचल दिया था। घर के 500 मीटर की दूरी पर रास्ते के किनारे खून से लथपथ शव पड़ा मिला। परिजनों का आरोप है कि प्रेम-प्रसंग के चलते युवती के परिजनों ने साजिश रचकर उसे गांव बुलवाया। फिर रास्ते में घेरकर हत्या कर दी। पुलिस प्रेम-प्रसंग और पुरानी रंजिश दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटना सदर कोतवाली क्षेत्र की मानीमऊ चौकी अंतर्गत लीलापुरवा गांव का है। पढ़ें पूरी खबर… सहारनपुर में गोकशी करने वाला मुठभेड़ में गिरफ्तार, पुलिस ने पैर में मारी गोली सहारनपुर के चिलकाना थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और एक कथित गोकश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस का दावा है कि गन्ने के खेत में गौकशी की तैयारी कर रहे आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीओ सदर मुकेश त्यागी ने बताया कि चिलकाना पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम घाटेड़ा के जंगल में एक व्यक्ति गौकशी की तैयारी कर रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को देखकर आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। पढ़ें पूरी खबर…. मंत्री राजभर बोले- अखिलेश छुप-छुपकर मुंबई क्यों जा रहे, यूपी के सांसदों को कौन देखेगा? यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर शनिवार को एक बार फिर सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर हमलावर नजर आए। उन्होंने X पर लिखा, “अखिलेश बाबू छुप-छुपकर मुंबई क्यों जा रहे हैं? अरे, वहां तो केवल दो ही विधायक हैं। वे टूट भी जाएंगे तो कोई दिक्कत नहीं होगी। यहां जो लोग भागने की तैयारी में हैं, उन्हें कौन देखेगा? मानसून सत्र शुरू होने से पहले अपने सांसदों को कर्नाटक के जिस रिसॉर्ट में ले जाना चाहते हैं, वह भी नहीं हो पाएगा।” राजभर ने आगे लिखा, “जैसा मैंने पहले भी कहा है, सपा में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है।” उनका इशारा मुरादाबाद से सपा सांसद रुचि वीरा की ओर माना जा रहा है। हाल ही में एक राजनीतिक कार्यक्रम में रुचि वीरा को नहीं बुलाया गया था, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई थी। उन्हें सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान का करीबी माना जाता है। इससे पहले राजभर ने कहा था कि सपा से बगावत तो ‘बागी बलिया’ का लाल ही करेगा। उनका इशारा बलिया से सपा सांसद सनातन पांडेय की ओर था। हालांकि, सनातन पांडेय ने राजभर के इस दावे को खारिज कर दिया था। दरअसल, महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के संस्थापक शरद पवार की नातिन रेवती सुले और भाजपा नेता अरुण लखानी के बेटे सारंग लखानी शनिवार को विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं। चर्चा है कि इसी समारोह में शामिल होने के लिए अखिलेश यादव का मुंबई कार्यक्रम है।
यूपी की बड़ी खबरें:अलीगढ़ में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा, 3 किमी तक घसीटा; शव के टुकड़े हुए
