बोतल बाबा का दावा- आत्मा पकड़कर मुर्दे को जिंदा किया:महिला को फूंका हुआ सेब देकर बोला- पुत्र होगा; 2 VIDEO सामने आए

Spread the love

कानपुर देहात में महिला श्रद्धालु से छेड़छाड़ और कोड़े मारने के आरोप में गिरफ्तार बोतल बाबा के अब कई वीडियो सामने आ रहे हैं। एक वीडियो में वह हवा से आत्मा पकड़कर कथित मृत महिला में जान फूंकने का दावा करता दिख रहा है, जबकि दूसरे वीडियो में वह निःसंतान महिला को फूंककर सेब देकर पुत्र प्राप्ति का आशीर्वाद देता नजर आ रहा है। दरअसल, शुक्रवार को बोतल बाबा को जेल भेज दिया गया था। एक महिला ने शिकायत की थी कि आश्रम के कमरे में बुलाकर बाबा ने रेप का प्रयास किया। जब वह बचकर बाहर निकली तो बाबा की पोल न खुले इसलिए उसने काली साया बताकर उसकी पिटाई की। महिला ने उस पर दुष्कर्म के प्रयास, मारपीट, हत्या के प्रयास और 40 हजार रुपए वसूलने जैसे आरोप लगाए हैं। पहले देखिए 2 तस्वीरें… अब जानिए दोनों सामने आए वीडियो में क्या है… वीडियो-1 सोशल मीडिया पर सामने आए पहले वीडियो में बोतल बाबा अपने आश्रम में अनुयायियों के बीच खड़ा दिखाई देता है। उसके सामने एक युवती का कथित शव पड़ा नजर आता है। पूछने पर वहां मौजूद एक महिला बताती है कि किडनी की बीमारी से उसकी मौत हो गई है। इसके बाद आश्रम की एक महिला युवती के शरीर पर जल छिड़कती है। बाबा हवा में हाथ घुमाकर आत्मा पकड़ने का दावा करता है और तीर चलाने के इशारे के साथ उसे महिला के शरीर में प्रवेश कराता दिखता है। कुछ देर बाद युवती उठकर खड़ी हो जाती है। बाबा कहता है, “इसकी मौत हो गई थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने परिवार वालों से पैसे वसूले, लेकिन मैंने इसकी आत्मा वापस शरीर में डाल दी। इसकी जान कैसे बची, यह मैं और मां काली ही जानते हैं।” इसके बाद वहां मौजूद लोग ताली बजाते और जयकारे लगाते दिखाई देते हैं। वीडियो-2 जालौन की रहने वाली एक महिला बाबा के समागम में पहुंचती है और बताती है कि उसकी कोई संतान नहीं है। वह कहती है कि पहले गर्भ ठहरा था, लेकिन गर्भपात हो गया। बाबा महिला से एक सेब मंगाता है। वह उसमें फूंक मारकर मंत्र पढ़ता है और महिला की झोली में फेंकते हुए कहता है, “चाहे कमी तुममें हो या तुम्हारे पति में, जा भिखारिन, तुझे पुत्र की प्राप्ति होगी।” इसके बाद वह महिला को निर्देश देता है कि किसी पेड़ के नीचे जाकर पूरा सेब खा ले और इस दौरान कोई उसे देख न सके। महिला बाबा के पैर छूकर वहां से चली जाती है। अब जानिए बोतल बाबा के बारे में देवराहट थाना क्षेत्र के चैन का पुरवा गांव स्थित हरिधाम सरकार आश्रम में हरिओम यादव ‘बोतल बाबा’ के नाम से दरबार लगाता था। वह पानी की बोतल में फूंक मारकर उसे अमृत बताता था और कैंसर, किडनी समेत कई गंभीर बीमारियां ठीक करने का दावा करता था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, उसके समागमों में दूर-दूर से लोग पहुंचते थे। कई लोग उसे चमत्कारी संत मानते थे, जबकि कुछ लोग उसके तरीकों पर सवाल भी उठाते रहे हैं। जानिए कैसे हुआ बोतल बाबा का पर्दाफाश औरैया के फफूंद थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला के ससुर और दो देवरों ने 6 जून को पूजा-पाठ के लिए बाबा को घर बुलाया था। महिला का आरोप है कि पूजा के दौरान बाबा ने कहा कि उस पर काली शक्तियों का साया है और उसे दूर करने के लिए विशेष पूजा करनी होगी। महिला के मुताबिक, इसी दौरान उससे 40 हजार रुपए लिए गए। जाते समय बाबा ने उसे 15 जून को हरिधाम सरकार आश्रम बुलाया। कमरे में बुलाकर की छेड़छाड़ का आरोप महिला का आरोप है कि 15 जून को उसके दोनों देवर उसे बाइक से आश्रम लेकर पहुंचे। वहां बाबा ने विशेष अनुष्ठान के बहाने उसे एक कमरे में बुलाया और अश्लील हरकतें करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर बाबा, दोनों देवरों और अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की। महिला का आरोप है कि उसका गला दबाकर जान से मारने की भी कोशिश की गई। महिला किसी तरह कमरे से बाहर निकली, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद बाबा उसे समागम में ले गया और लोगों से कहा कि महिला पर भूत-प्रेत का साया है और इसी कारण वह भाग रही है।
जबरन पूछता रहा भूतों के नाम करीब चार मिनट के वायरल वीडियो में बाबा महिला को पकड़कर कोड़े मारता दिखाई देता है। वह बार-बार उससे पूछता है कि उसके साथ कितने भूत हैं। महिला हाथ जोड़कर छोड़ देने की गुहार लगाती रहती है। महिला का आरोप है कि बाबा उससे जबरन भूतों के नाम पूछता रहा। वह डर के कारण कुछ नहीं बोल सकी। इस दौरान उसके हाथ, पैर और कमर पर कोड़े और नुकीली वस्तु से वार किए गए। करीब आधे घंटे तक उसकी पिटाई की गई। बाद में उसे देवरों के साथ घर भेज दिया गया। इसके बाद वह पुलिस के पास पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने कहा- जब बाबा ने कमरे में मेरे साथ छेड़छाड़ की तो मैं बाहर भागी। उसके शिष्यों और मेरे दोनों देवरों ने मुझे पकड़ लिया। इसके बाद बाबा मुझे समागम में ले गया और भूत-प्रेत का साया बताकर पीटने लगा, ताकि लोग उसकी बात पर विश्वास करें और मेरे आरोपों को कोई सच न माने। बाबा समेत 5 नामजद और 5 अज्ञात पर केस महिला की शिकायत पर 18 जून को देवराहट थाने में हरिओम यादव, महिला के दोनों देवर रामवीर और सुखवीर, बाबा के शिष्य दीपक और कुंदन समेत कई अन्य लोगों के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बाबा और उसके एक शिष्य को गिरफ्तार कर लिया। बाबा बोला- एक नेता षड्यंत्र कर फंसा रहा बाबा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताते हुए कहा, “सनातनियों पर हमेशा झूठे आरोप लगाए जाते रहे हैं। अब मुझ पर भी झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। यह सब एक षड्यंत्र है। दिबियापुर के एक नेता आशीष द्विवेदी मुझे फंसाने की साजिश कर रहे हैं। मेरा कोई छोटा-मोटा आश्रम नहीं है। यह 8 बीघे में बना है। संत समागम चलता रहेगा और संत परंपरा को कोई खत्म नहीं कर सकता।” 8 बीघे में बना आश्रम, पानी की बोतल के साथ मिलती है एंट्री चैन का पुरवा गांव में बाबा का करीब 8 बीघे में आश्रम बना है। बताया जाता है कि पहले पूजा के लिए 100 रुपए की रसीद कटती थी, जो बाद में बढ़कर 250 रुपए हो गई। दरबार में रोजाना 100 से 200 लोग पहुंचते हैं। यहां प्रवेश के लिए 20 रुपए की पानी की बोतल लेना अनिवार्य बताया जाता है। बाबा इसी पानी में फूंक मारकर उसे चमत्कारी बताता था और दावा करता था कि इससे गंभीर बीमारियां भी ठीक हो सकती हैं। ———- ये खबर भी पढ़ेंः- महिला के ऊपर से गुजरी पूरी ट्रेन, बाल-बाल बची:ट्रैक पर सिकुड़कर लेटी रही, उन्नाव में आम्रपाली एक्सप्रेस पर चढ़ते वक्त गिरी थी; VIDEO
यूपी के उन्नाव में महिला के ऊपर से पूरी ट्रेन गुजर गई, लेकिन वह बाल-बाल बच गई। सिर्फ कान में मामूली खरोंच आई। हुआ यूं कि महिला आम्रपाली एक्सप्रेस ट्रेन पर शनिवार रात चढ़ रही थी, तभी उसका पैर फिसल गया और वह ट्रैक पर गिर गई। तब तक ट्रेन की स्पीड तेज हो गई। उसके ऊपर से 21 रेल डिब्बे गुजर गए। पूरी खबर पढ़िए…