सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने शुक्रवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा- कल हम लोग सदन में सीएम योगी को सुन रहे थे। पूरी बीजेपी इस कोशिश में है कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर यह साबित किया जाए कि विपक्ष इसके खिलाफ है। सच्चाई यह है कि भाजपा देश की नारियों, महिलाओं को आरक्षण देना नहीं चाहती। सपा प्रमुख ने सीएम के गिरगिट वाले बयान पर पलटवार किया। कहा- गिरगिट को करीब से देखिए तो एक रंग से दूसरे रंग में मिलता है। असली गिरगिट का काम तो भाजपा कर रही है। भाजपा की साजिश हार गई, इसलिए यह विधानसभा में प्रस्ताव लेकर आए। उनकी साजिश का खुलासा हो गया। उन्होंने कहा- नारी वंदन को केवल नारा बनाना चाहते हैं। इसी साजिश के तहत ये लगातार सड़क और सदन में ऐसा कर रहे हैं। उनकी भाषा गिरगिटी है। आप खुद जानते हैं कि असली गिरगिट कौन है। महिलाएं कितनी असुरक्षित हैं। भाजपा के काम करने के तरीके की वजह से लोग कानून को नहीं मान रहे हैं। न्याय के लिए न्यायिक संस्थाओं पर भरोसा नहीं कर रहे हैं। अखिलेश की बड़ी बातें पढ़िए- 1- इनॉगरेशन के बाद गंगा एक्सप्रेस-वे बंद कर दिया
अखिलेश ने कहा- इनॉगरेशन के बाद गंगा एक्सप्रेस-वे बंद कर दिया। इनके पहले के उद्घाटन भी देखे हैं। पता नहीं क्या-क्या महंगा हो जाता है। सिलेंडर के बढ़ने से रोटी से लेकर सबकुछ महंगा हो जाता है। ये लोग अपने लोगों का मुनाफा कम नहीं होने देते हैं। यूपी के सारे ठेकेदार हाथ खड़े कर देंगे कि सड़क कैसे बनाएं। मुश्किल है कि हम किस पर भरोसा करें। 2- बंगाल में दीदी ऐतिहासिक वोट से जीतेंगी
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा- यूपी में जो ट्रायल किया था, उसका ऑपरेशन पश्चिम बंगाल में किया। पैरलल स्ट्रक्चर, सेंट्रल फोर्स का। रिवॉल्वर लगाकर वोट रोक दिया। इसके बाद भी दीदी ऐतिहासिक वोट से जीतेंगी। भाजपा की लाई हुई तकनीक पर भरोसा नहीं कर सकते। भाजपा की हर साजिश हारेगी। जनता समझदार है। इसलिए महिलाएं उनके आंदोलन में नहीं जुड़ रही हैं। 3- भाजपा अरावली को बेचने जा रही थी
सपा प्रमुख ने कहा- भाजपा अरावली को बेचने जा रही थी। पहले से ही भाजपा तैयारी करती है कि किसे टेंडर देना है। इन्हें पर्यावरण, धरती, नदियों और जंगल से कोई लगाव नहीं है। इन्हें सिर्फ वोट चाहिए। इन्होंने जो टैबलेट दिए हैं, उनमें उंगली घिसते रहिए, चलता ही नहीं है। पीडीए की हवा चली तो उनकी जमानत जब्त होगी। 4- भाजपा के लोग उद्योगपतियों के खेल में उलझे
अखिलेश ने कहा- मेरठ-अयोध्या का मास्टर प्लान बार-बार बदल रहे हैं। भाजपा के लोग उद्योगपतियों के खेल में उलझे हैं, इसलिए मजदूरों का भला नहीं कर रहे हैं। पेड़ों को ट्रांसलोकेट किया गया था। लोहिया पार्क बनने में एक भी पेड़ नहीं काटा गया था। अपने सीएम पेड़ों के बारे में नहीं जानते। एक पेड़ का नाम बता दें, बताएंगे बबूल, बेर, वनस्पति। 5- साजिश के तहत लोकसभा बुलाया गया था
सपा प्रमुख ने कहा- जब नई लोकसभा का गठन हुआ था और नई लोकसभा भवन का उद्घाटन हुआ था, उस समय सभी दलों ने समर्थन देकर महिला आरक्षण विधेयक को पास करने का काम किया था। लेकिन इसके बाद हाल ही में जिस तरह से सदन बुलाया गया, उसकी नीयत खोटी थी। वे यह चाहते थे कि सभी दलों के सांसद, चाहे वे बंगाल के हों या तमिलनाडु के, जहां भाजपा बुरी तरह हार रही है, वहां के सांसद चार-पांच दिन अपने चुनाव प्रचार में न लग पाएं। इसीलिए मिडिल ऑफ इलेक्शन के दौरान सदन बुलाया गया। भारत में या दुनिया में शायद ही कभी ऐसा हुआ हो कि चुनाव के बीच इतने महत्वपूर्ण फैसले के लिए सदन बुलाया गया हो। यह सब एक सोची-समझी रणनीति और साजिश के तहत किया गया, ताकि विपक्ष को बदनाम किया जा सके। जब बीजेपी के पास कोई और मुद्दा नहीं बचा, तो वह जानबूझकर महिला आरक्षण बिल के साथ डिलिमिटेशन का मुद्दा लेकर आ गई। ये खबर भी पढ़ें… योगी बोले- श्रमिकों को 5 लाख का बीमा मिलेगा:मजदूर दिवस पर कहा- जो काम का दाम नहीं देगा, उसका काम तमाम होगा यूपी में 15 लाख श्रमिकों को 5 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा मिलेगा। शुक्रवार को सीएम योगी ने लखनऊ में मजदूर दिवस पर इसका ऐलान किया। सीएम ने कहा- हमने बचपन में देखा है कि लोग काम कराते थे, लेकिन जब पैसे देने की बारी आती थी तो भुगतान नहीं करते थे। अब सरकार ने तय किया है कि ऐसा नहीं चलेगा। पूरी खबर पढ़िए…
अखिलेश बोले- असली गिरगिट का काम तो भाजपा कर रही:भाजपा की साजिश हार गई तो विधानसभा में प्रस्ताव लेकर आए
