रोहतक जिले के गांव खैरड़ी में बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर की प्रतिमा तोड़ने के मामले में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुराग ढांडा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में बाबा साहेब के अपमान पर सरकार की चुप्पी उसकी मानसिकता को उजागर कर रही है। अनुराग ढांडा ने कहा कि कलानौर के खैरडी में 8 अप्रैल को बाबा साहेब की प्रतिमा को तोड़कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश रची गई, लेकिन दो हफ्ते बीत जाने के बावजूद अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं। यह सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि साफ संकेत है कि पुलिस नाकाम है या फिर सरकार की मूक सहमति से यह सब हो रहा है। बाबा साहेब के सम्मान की नहीं रक्षा अनुराग ढांडा ने सवाल उठाया कि क्या मुख्यमंत्री नायब सिंह की नजरों में बाबा साहेब का सम्मान यही है? वोट लेने के लिए मंचों पर बड़े-बड़े भाषण और जयंती पर दिखावटी कार्यक्रम करना आसान है, लेकिन जब असल में उनके सम्मान की रक्षा करनी होती है, तब भाजपा सरकार और उसके नेता खामोशी ओढ़ लेते हैं। अपराधियों को पकड़ने में नाकाम रही पुलिस अनुराग ढांडा ने कहा कि जिस संविधान पर देश चलता है, उसी के निर्माता का अपमान हो रहा है और सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। देश की आत्मा और करोड़ों लोगों की भावनाओं पर हमला हुआ है। क्या हरियाणा पुलिस इतनी कमजोर हो चुकी है कि ऐसे स्पष्ट अपराधियों को पकड़ नहीं पा रही? या फिर ऊपर से दबाव है कि मामले को दबाकर रखा जाए? भाजपा का असली चेहरा सबके सामने आया अनुराग ढांडा ने तीखा तंज कसते हुए कहा कि भाजपा का असली चेहरा अब सामने आ चुका है। एक तरफ बाबा साहेब के नाम पर राजनीति और दूसरी तरफ उनके विचारों व प्रतीकों का अपमान। किसान, मजदूर, दलित, पिछड़े और हर वर्ग के लिए बाबा साहेब का योगदान अमूल्य है। उनका अपमान करना देश के संविधान और 140 करोड़ नागरिकों का अपमान है। बाबा साहेब के मुद्दे पर चुप नहीं रहेगी AAP अनुराग ढांडा ने चेतावनी देते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी बाबा साहेब के सम्मान के मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी। यदि तुरंत दोषियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को पूरे देश में उठाकर भाजपा सरकार के असली चेहरे को बेनकाब करेगी।
रोहतक में AAP राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुराग ढांडा बोले:बाबा साहेब के अपमान पर क्यों साधी चुप्पी; आरोपियों को मिल रहा संरक्षण
