गुरुग्राम में लेडी प्रोफेसर की कार गड्ढे में पलटी:सड़क के बीच में खोदा हुआ था, लोगों ने महिला को निकाला; यूनिवर्सिटी से लौट रही थीं

Spread the love

गुरुग्राम शहर के सबसे पॉश इलाकों में शुमार सुशांत लोक-1 में गलेरिया रोड पर सड़क के बीचोंबीच खोदे गए एक बड़े गड्ढे में एक महिला प्रोफेसर की कार गिर गई। राहगीरों ने गड्ढे के अंदर फंसी महिला प्रोफेसर को बाहर निकाला। संयोग से कार चला रही महिला प्रोफेसर बाल-बाल बच गईं, लेकिन उनकी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। महिला प्रोफेसर सुशांत लोक-1 की रिजवुड एस्टेट सोसाइटी में रहती हैं और सेक्टर-55 स्थित सुशांत यूनिवर्सिटी में विभागाध्यक्ष (HOD) के पद पर कार्यरत हैं। यह हादसा उस वक्त हुआ, जब वह सोमवार शाम को यूनिवर्सिटी से ड्यूटी खत्म कर अपने घर लौट रही थीं। बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड भी नहीं लगा उन्होंने बताया कि जब वह गैलेरिया रोड पर पहुँचीं, तो उन्हें सड़क के बीचोंबीच खोदा गया गड्ढा दिखाई नहीं दिया। गड्ढे के चारों ओर न तो पर्याप्त बैरिकेडिंग थी और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। अंधेरा होने के कारण प्रोफेसर गड्ढे का अंदाज़ा नहीं लगा पाईं और उनकी कार सीधे उसमें जा गिरी। काफी टाइम से ऐसे ही छोड़ रखा है गड्‌ढा हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद महिला को कार से बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यह गड्ढा पिछले कई महीनों से इसी हालत में है, लेकिन निर्माण कार्य कर रही एजेंसी ने सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया। पॉश इलाका होने के बावजूद मुख्य मार्ग पर इस तरह की लापरवाही किसी बड़ी जनहानि का कारण बन सकती थी। पुलिस में शिकायत दर्ज कराएंगी महिला प्रोफेसर ने घटना पर कड़ा रोष व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि इस हादसे से उन्हें गहरा मानसिक सदमा पहुंचा है और उनकी कार को भी काफी नुकसान हुआ है। वह इस लापरवाही के खिलाफ गुरुग्राम पुलिस, गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) और नगर निगम प्रशासन को लिखित शिकायत देंगी, ताकि जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।