बुरहानपुर में गणेश प्रतिमा ले जाते समय हादसा, नीचे दबने से युवक की मौत, सड़कों पर गड्‌ढे से बैलेंस बिगड़ा

Spread the love

जानकारी के अनुसार घटना लालबाग रोड पर तुलसी मॉल के पास शनिवार रात करीब 9 बजे की है। मृतक की पहचान खंडवा निवासी शशांक जोशी (26) के रूप में हुई। शशांक हाटकेश्वर गणेश मंडल के लोगों के साथ बुरहानपुर प्रतिमा लेने आया हुआ था। प्रतिमा सम्राट मौर्य आर्ट, लालबाग से नाई आवार खंडवा ले जाई जा रही थी। इस दाैरान हादसा हाे गया। सीएसपी गौरव पाटिल के नेतृत्व में पुलिस पहुंची। हिंदू महासभा प्रवक्ता ओम आजाद ने प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए कमिश्नर और महापौर से शहर की सड़कों के गड्ढे भरने की मांग की। कांग्रेस ने नेता अजय सिंह रघुवंशी ने कहा- शहर में गड्ढे ही गड्ढे हैं। युवक साइड से चल रहा था। अन्य कोई घायल नहीं हुआ। शहर के गड्ढे भरे जाने चाहिए। हादसे की सूचना मिलने पर लोग, जनप्रतिनिधि निजी अस्पताल पहुंचे। एएसपी एएस कनेश, एडीएम वीर सिंह चौहान भी मौके पर पहुंचे। लोगों से चर्चा कर स्थिति को संभाला। एएसपी अंतर सिंह कनेश ने कहा कि आज लालबाग रोड पर लोग ज्यादा होने के कारण हादसा हुआ।

दो दिन पहले भी गिरी थी प्रतिमा

बता दें कि दो दिन पहले इच्छापुर रोड पर भी खराब सड़क के कारण गणेश प्रतिमा गिरने की घटना हुई थी। उसके बाद प्रशासन ने पेचवर्क शुरू किया था। शनिवार को सिंधी बस्ती क्षेत्र में मरम्मत का काम हुआ और शाम को शांति समिति की बैठक में कलेक्टर ने अफसरों को सड़क दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे। इसी बीच यह हादसा हो गया।