गुरुग्राम जिले में पलड़ा रोड पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक चलते हुए ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते ट्रक आग का गोला बन गया और कुछ ही देर बाद उसमें जोरदार धमाका हुआ। इस दौरान ड्राइवर ने कूदकर अपनी जान बचाई। केमिकल से भरा होने के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने रास्ते को दोनों ओर से ब्लॉक कर दिया है। धमाके के साथ फटा सीएनजी सिलेंडर जानकारी के अनुसार, ट्रक पलड़ा रोड से गुजर रहा था तभी अचानक उसमें धुआं उठने लगा। ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। ड्राइवर के मुताबिक, ट्रक में सीमेंट बनाने के काम आने वाला ज्वलनशील केमिकल भरा हुआ था। आग इतनी भीषण थी कि ट्रक में लगा सीएनजी सिलेंडर भी उसकी चपेट में आ गया और एक जोरदार ब्लास्ट हुआ। इस धमाके की गूंज काफी दूर तक सुनी गई, जिससे स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए।
गुरुग्राम में चलते ट्रक में लगी आग:धमाके के साथ फटा सीएनजी सिलेंडर, केमिकल से भरा था, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान
