करनाल में ट्राली से कुचलकर व्यक्ति की मौत:ओवरलोड ट्रैक्टर आगे से उठा, नीचे गिरने पर ट्राली ने रौंदा; शरीर दो हिस्सों में बंटा

Spread the love

करनाल के गांव अंजनथली में एक हादसे में ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे कुचलने से एक मजदूर की मौत हो गई। मजदूर ट्रैक्टर पर बैठा हुआ था, तभी अचानक ट्रैक्टर आगे से उठ गया और संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया। इसके बाद पीछे आ रही ट्राली उसे रौंदते हुए निकल गई। हादसा इतना भयानक था कि मजदूर का शरीर दो हिस्सों में बंट गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अंजनथली निवासी 42 वर्षीय महेंद्र सिंह के रूप में मृतक की पहचान हुई है। वह दिव्यांग था और मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में दो बच्चे हैं। राइस मिल में ईंटें उतारने गया था मजदूर वीरवार को महेंद्र सिंह गांव की एक राइस मिल में ट्रैक्टर-ट्राली के जरिए ईंटें लेकर गया था। ट्रैक्टर काका नाम का व्यक्ति चला रहा था और महेंद्र पीछे बैठा हुआ था। बताया जा रहा है कि ट्राली में करीब 8 हजार ईंटें लोड थीं, जिससे ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया। हादसे के बाद परिजनों ने किया हंगामा हादसे के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने जमकर हंगामा किया और शव उठाने से इनकार कर दिया। परिजनों का आरोप था कि काका महेंद्र को जबरदस्ती घर से लेकर गया था और बाद में उसका शव दो हिस्सों में मिला। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत किया और कार्रवाई का भरोसा दिया। पुलिस ने जांच शुरू की मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी विक्रम ने बताया कि हादसा ट्रैक्टर के आगे उठने के कारण हुआ, जिससे महेंद्र नीचे गिरकर ट्राली की चपेट में आ गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच जारी है।