लखनऊ में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या, CCTV:ऑफिस के सामने ताबड़तोड़ फायरिंग की, बाइक से भागे दोनों बदमाश

Spread the love

लखनऊ में बुधवार दोपहर एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह अपने ऑफिस के सामने मोबाइल से बात कर रहे थे। तभी बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। आसपास के लोगों ने प्रॉपर्टी डीलर को अपेक्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वारदात पीजीआई थानाक्षेत्र के कल्ली पश्चिम इलाके की है। दैनिक भास्कर को हत्या का एक्सक्लूसिव सीसीटीवी फुटेज मिला है। जिसमें बदमाश प्रॉपर्टी डीलर को गोलियां मारते दिख रहा है। हत्या के बाद बदमाश अपने साथी के साथ बाइक से फरार हो गया। प्रॉपटी डीलर संदीप सिंह जौनपुर के रहने वाले थे। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी के जरिए बदमाशों की पहचान में जुटी है। घटना की 4 तस्वीरें… अब पूरी घटना विस्तार से… संदीप सिंह मूल रूप से जौनपुर के टकारी के शिकारा जिला के रहने वाले थे। वह वृंदावन योजना में कालिंदी पार्क के पास परिवार के साथ रहते हैं। कल्ली पश्चिम बाजार के यादव मार्केट में उनका प्रॉपर्टी डीलिंग का ऑफिस है। बुधवार दोपहर 12 से 12:30 बजे के बीच वह ड्राइवर प्रदीप सिंह के साथ अपने ऑफिस पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि संदीप कार से उतरकर ऑफिस की ओर बढ़ ही रहे थे, तभी बाइक सवार 2 नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे। उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही संदीप घायल होकर गिर पड़े, तभी आरोपी बाइक से भाग निकले। बाइकसवार बदमाश ने हेलमेट पहन रखा था स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक, हमला करने वाले बाइक सवार बदमाश काफी पेशेवर अंदाज में आए थे। बाइक चला रहा बदमाश हेलमेट लगाए हुए था। जबकि, पीछे बैठे हमलावर ने अपना मुंह सफेद गमछे से बांध रखा था। वारदात को अंजाम देते समय एक बदमाश अपाचे बाइक स्टार्ट किए हुए पहले से खड़ा हुआ था। संदीप को कई गोलियां मारने वाला दूसरा बदमाश दौड़ते हुए बाइक पर बैठा। जिसके बाद दोनों भाग निकले। संदीप सिंह के परिवार में पत्नी प्रीति सिंह, बेटा सार्थक सिंह और बेटी सीवी सिंह हैं। पहली गोली लगते ही सड़क पर गिरे संदीप पुलिस को घटना की 50 सेकंड की CCTV फुटेज मिली है। इसमें दिख रहा कि प्रॉपर्टी डीलर संदीप कार से नीचे उतरने के बाद मोबाइल पर बात करते हुए आगे बढ़ते हैं। इस दौरान सफेद शर्ट और नीले जींस पहने बदमाश उनके पास आता है। उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर देता है। पहली गोली सीने के पास लगते ही संदीप सड़क पर गिर पड़ते हैं। इसके बाद भी बदमाश उन पर लगातार फायरिंग करता रहता है। वह आखिरी गोली संदीप के सिर के पास मारता है। इसे लेकर पुलिस मान रही है कि बदमाश पेशेवर भी हो सकते हैं। सीसीटीवी से बदमाशों की पहचान में जुटी पुलिस एडीसीपी साउथ और एसीपी गोसाईगंज पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस में मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की कोशिश की जा रही है। शुरुआती जांच में आपसी रंजिश समेत कई ऐंगल पर जांच की जा रही है। डेढ़ साल पहले खोला था ऑफिस संदीप सिंह ने करीब डेढ़ साल पहले कल्ली पश्चिम बाजार स्थित यादव कॉम्प्लेक्स में पीएसएस बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम से ऑफिस खोला था। ऑफिस में पांच कर्मचारी काम करते हैं। कंपनी के एक कर्मचारी ने बताया कि उनकी तीन साइटें चल रही हैं। एक मोहनलालगंज इलाके के डॉन बॉस्को स्कूल के पास, दूसरी मोहनलालगंज तहसील के पास और तीसरी कानपुर रोड पर अमौसी रेलवे स्टेशन के नजदीक है। कर्मचारियों के मुताबिक, संदीप सिंह बेहद मिलनसार और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। DCP साउथ अमित कुमार आनंद ने बताया- आज दोपहर लगभग 1 बजे संदीप सिंह को गोली मारने की सूचना प्राप्त हुई। ​सीसीटीवी फुटेज देखे गए हैं। संदीप को गोली मारने वाले बाइक सवार 2 युवक दिखे हैं। उनकी पत्नी प्रीति की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की 4 टीमें लगी हैं। …………………………………. यह खबर भी पढ़ें… ग्राउंड रिपोर्ट 11 लाख के बकरे-AC रूम में बेड पर सोते हैं: लखनऊ में देसी घी और काजू-बादाम खाते हैं, तुर्की के दुंबे की भारी डिमांड लखनऊ में बुधवार दोपहर एक प्रॉपर्टी डीलर को गोली मार दी गई। बाइक सवार बदमाशों ने होली संदीप नामक युवक पर फायरिंग की। घटना पीजीआई थाना क्षेत्र में हुई। यहां पढ़ें पूरी खबर