हरियाणा के रेवाड़ी में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को होमगार्ड कमांडेंट सुधीर को 50 हजार रुपए की रिश्वत के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने सस्पेंड चल रहे होमगार्ड को दोबारा नौकरी जॉइन करवाने के लिए 1.50 लाख रुपए की मांग की थी। कमांडेंट होमगार्ड सुरेश से 80 हजार रुपए पहले ले चुका था। गुरुवार को कमांडेंट ने रिश्वत के 50 हजार रुपए गढ़ी बोलनी रोड स्थित अपने कार्यालय में मेज की दराज में रखवाए। तभी एसीबी ने कैश के साथ आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद टीम आरोपी को अपने साथ ले गई। उससे पूछताछ की जा रही है। उधर, एक दूसरे होमगार्ड ने भी होमगार्ड कमांडेंट पर 5 लाख रुपए लेकर उसे होमगार्ड में नौकरी दिलवाने का आरोप लगाया है। इस पर एसीबी इंस्पेक्टर का कहना है कि इन आरोपों की भी जांच की जाएगी। यहां सिलसिलेवाार ढंग से जानिए पूरा मामला… सस्पेंड होने के बाद 10 माह से बैठा था घर गांव नांगल उगरा निवासी सुरेश कुमार ने बताया कि बिना किसी कारण उसे सस्पेंड कर दिया गया था। वह पिछले 10 माह से घर बैठा है। सस्पेंशन का कारण पूछने और नौकरी पर दोबारा बहाल करने के लिए वह तभी से दफ्तर के चक्कर काट रहा, परंतु कोई कारण नहीं बताया। अंत में दोबारा जॉइन करवाने के लिए डेढ़ लाख रुपए मांगे। 80 हजार रुपए जनवरी में दिए थे। बच्चों के लिए कूलर भी नहीं खरीद पाया सुरेश ने बताया कि होमगार्ड में नौकरी कर वह किसी प्रकार अपने परिवार का पाल रहा था। सस्पेंड होने के बाद वह सड़क पर आ गया और अब तक बच्चों के लिए कूलर तक नहीं खरीद पाया है। ऐसे में समझ सकते हैं कि रिश्वत देने के लिए 80 हजार रुपए का जुगाड़ कैसे किया होगा। अब 50 हजार और मांगे जा रहे थे, जिसकी उसने शिकायत करने की ठानी। सस्पेंड होमगार्ड की शिकायत पर हुई कार्रवाई एसीबी इंस्पेक्टर जयपाल ने बताया कि सस्पेंड चल रहे होमगार्ड हवलदार सुरेश कुमार ने शिकायत की थी। इसमें उन्होंने अपनी दोबारा जॉइनिंग के लिए पैसे मांगने के आरोप लगाए। शिकायत सही पाए जाने के बाद कमांडेंट को पकड़ने की योजना बनाई। गुरुवार को कमांडेंट ने जब सस्पेंड होमगार्ड जवान से मांगे गए 50 हजार रुपए ऑफिस में अपनी टेबल के दराज में रखवाए तो इशारा मिलने पर पैसों के साथ उन्हें गिरफ्तार कर लिया। होमगार्ड अुर्जन बोले, मैंने 5 लाख दिए होमगार्ड के सस्पेंड हवलादार सुरेश के साथ विजिलेंस ऑफिस पहुंचे गांव रणसिंह माजरी निवासी अर्जुन ने भी कमांडेंट पर बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 5 लाख रुपए लेकर उसे होमगार्ड में नौकरी मिली थी। इन आरोपों में कितनी सच्चाई है? इस सवाल पर एसीबी इंस्पेक्टर जयपाल ने बताया कि यह जांच का विषय हो सकता है।
कमांडेंट ₹50 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार:रेवाड़ी में सस्पेंड हुए होमगार्ड से जॉइनिंग के मांगे थे ₹1.50 लाख; 80 हजार पहले लिए
