हरियाणा में करीब 24 साल बाद वोटर लिस्ट का बड़ा स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) शुरू होने जा रहा है। चुनाव आयोग ने 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाने का फैसला किया है। इस दौरान बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। अंतिम मतदाता सूची 22 सितंबर, 2026 को प्रकाशित होगी। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि इस बार अभियान का सबसे बड़ा फोकस गलत, डुप्लीकेट, शिफ्टेड और मृत मतदाताओं की पहचान करना होगा। नाम लिस्ट में नहीं तो वजह भी सार्वजनिक होगी उन्होंने कहा कि इस बार चुनाव आयोग ने पारदर्शिता बढ़ाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। जिन लोगों के नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं होंगे, उनकी बूथ-वार सूची पंचायत भवन, नगर निकाय कार्यालय और बीडीपीओ कार्यालयों के नोटिस बोर्ड पर लगाई जाएगी। साथ ही यह भी बताया जाएगा कि नाम क्यों नहीं जुड़ा या हटाया गया। इन सूचियों को सीईओ और जिला निर्वाचन अधिकारियों की वेबसाइटों पर भी अपलोड किया जाएगा। BLO घर पर तीन बार आएगा सीईओ ने कहा कि जिन घरों से गणना फॉर्म वापस नहीं मिलेंगे, वहां BLO कम से कम तीन बार विजिट करेगा। पड़ोसियों से भी जानकारी ली जा सकेगी कि संबंधित व्यक्ति घर बदल चुका है, मृत है, डुप्लीकेट एंट्री है, या लंबे समय से यहां नहीं रहता है। यदि कोई मतदाता घर पर मौजूद नहीं है तो परिवार का कोई भी वयस्क सदस्य फॉर्म पर हस्ताक्षर करके BLO को दे सकेगा। इससे नौकरी, पढ़ाई या बाहर रहने वाले लोगों को राहत मिलेगी। हरियाणा में 18% डेटा में गड़बड़ी मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने खुलासा किया कि हरियाणा के चुनावी डेटा में करीब 18 प्रतिशत लॉजिकल एरर हैं। इनमें नामों की स्पेलिंग गलत होना, डुप्लीकेट एंट्री और अन्य तकनीकी त्रुटियां शामिल हैं। BLO अपने साथ 30 से 40 खाली Form-6 और घोषणा पत्र लेकर चलेंगे ताकि मौके पर ही नए मतदाताओं का पंजीकरण कराया जा सके।
हरियाणा में कितने वोटर और कितने बूथ? 21 मई 2026 तक राज्य में कुल 2,06,52,760 मतदाता दर्ज हुए हैं। कुल मतदान केंद्र 20,629 बनाए गए हैं। अब तक की प्रक्रिया में फतेहाबाद सबसे आगे, फरीदाबाद सबसे पीछे चल रहा है। मतदाता मैपिंग में अब तक 64.16 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। सीईओ ने कहा कि फरीदाबाद, गुरुग्राम, सोनीपत और पंचकुला की हाईराइज सोसायटियों में BLO की पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। 1950 हेल्पलाइन सुबह 7 से रात 9 बजे तक मतदाता सूची से जुड़ी किसी भी शिकायत या जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकेगा। यह सेवा सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक दो शिफ्टों में चलेगी।
2002 के बाद पहली बार इतना बड़ा रिवीजन हरियाणा में आखिरी बार विशेष गहन पुनरीक्षण वर्ष 2002 में हुआ था। यानी करीब 24 साल बाद चुनाव आयोग पूरे राज्य में इतने बड़े स्तर पर वोटर डेटा का दोबारा सत्यापन कराने जा रहा है।
हरियाणा में SIR- 18% डेटा में गड़बड़ी:नाम कटने पर वजह सार्वजनिक होगी; 64.16% मैपिंग पूरी, फतेहाबाद सबसे आगे, फरीदाबाद सबसे पीछे
