हिसार के सेक्टर 13 में पत्नी सोनिया की हत्या करके फरार हुआ आरोपी पति सौरभ पर पुलिस ने 50 हजार का इनाम घोषित किया है। एसपी सिद्धांत जैन के आदेश पर आज सोमवार को थाना सिविल लाइन ने इसकी घोषणा की। पुलिस ने कहा है कि जो भी व्यक्ति इस आरोपी को गिरफ्तार करवाने या इसके ठिकाने के बारे में सटीक जानकारी देगा, उसे यह इनामी राशि प्रदान की जाएगी। आरोपी सौरभ आनंद के खिलाफ अपनी धर्मपत्नी की हत्या करने के आरोप में थाना सिविल लाइन, हिसार में धारा 103(1), 3(5) BNS के तहत केस दर्ज है। वारदात के बाद से ही आरोपी लगातार फरार चल रहा है और पुलिस इसकी गहनता से तलाश कर रही है। पुलिस जांच और इनपुट के अनुसार, आरोपी के वर्तमान में दिल्ली या हरिद्वार (उत्तराखंड) क्षेत्र में छिपे होने की संभावना है। आमजन से अपील व संपर्क सूत्र हिसार पुलिस ने आम जनता से अपील है कि यदि किसी भी व्यक्ति को इस आरोपी के संबंध में कोई भी सुराग या जानकारी मिले तो थाना सिविल लाइन प्रभारी के मोबाइल नंबर 8814011307 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा, जिला हिसार पुलिस कंट्रोल रूम 01662-237150 पर भी सूचना दे सकता हैं। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम, पता और पहचान पूरी तरह से गुप्त और गोपनीय रखी जाएगी। आरोपी को पकड़वाने में मदद करने वाले को ₹50,000 का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। ऑटो मार्केट में काले बैनर लगाकर प्रदर्शन वहीं, आज सोनिया मर्डर मामले में ऑटो मार्केट में व्यापारियों की मीटिंग हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष व हरियाणा कान्फैड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग की अध्यक्षता में हुई। इस मीटिंग में सोनिया का हत्यारा अभी तक ना पकड़े जाने पर भारी रोष प्रकट किया और ऑटो मार्केट में काले बैनर लगाकर प्रदर्शन किया। सोनिया का हत्यारा को पुलिस प्रशासन द्वारा अभी तक ना पकड़े जाने के विरोध में बजरंग गर्ग के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। बजरंग गर्ग ने कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा लगभग 18 दिनों तक सोनिया का हत्यारा को गिरफ्तार ना कर पाना पुलिस प्रशासन व सरकार की विफलता है। जिसके कारण प्रदेश की जनता में सरकार व पुलिस प्रशासन के प्रति बड़ा भारी रोष है। गर्ग बोले- सभी बाजारों में किया जाएगा प्रदर्शन बजरंग गर्ग ने कहा की इसी तरह हिसार के सभी बाजरों में काले बैनर लगाकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व मेयर गौतम सरदाना, श्री बाबा विश्वकर्मा सभा प्रधान रमेश वत्स, स्पेयर पार्ट एसोसिएशन प्रधान कुल प्रकाश गोयल, पूर्व परिषद पंकज दीवान, सब्जी मंडी एसोसिएशन विशंभर कथूरिया, सचिव हंसराज नारंग, उप प्रधान बलदेव ग्रोवर, सचिन राजपाल, सुरेश राजगढ़िया, राजगुरु मार्केट एसोसिएशन सचिव टीनू आहूजा आदि प्रतिनिधियों भारी संख्या में भाग लिया।
सोनिया मर्डर केस में पति पर 50 हजार का इनाम:दिल्ली-हरिद्वार में छिपे होने की आशंका, हिसार में व्यापारियों का प्रदर्शन
