मकान की दूसरी मंजिल से स्टूडेंट ने लगाई छलांग, मौत:3 दिन पहले बिहार से सोनीपत भाई-भाभी के पास आई; मकान मालिक बोला-मानसिक परेशान थी

Spread the love

सोनीपत शहर के पुलिस लाइन क्षेत्र के पास सोमवार सुबह एक 23 वर्षीय युवती ने दूसरी मंजिल की छत से छलांग लगाकर सुसाइड कर लिया। छलांग लगाते ही आसपास के एरिया में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम के साथ एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस युवती की मौत मामले में हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। मृतका बिहार की रहने वाली थी और 3 दिन पहले ही अपने भाइयों के पास सोनीपत आई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया गया है। 3 दिन पहले बिहार से आई थी ममता मृतका की पहचान बिहार के किशनगंज निवासी ममता कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस को दी जानकारी में उसके भाई रवि ने बताया कि ममता तीन दिन पहले ही बिहार से सोनीपत आई थी। वह यहां अपने भाइयों और भाभी के साथ कुछ दिन रहने के लिए आई हुई थी। ममता बिहार में 12वीं की पढ़ाई कर रही थी। सोनीपत में मजदूरी कर रहा भाई रवि ने बताया कि उनका बड़ा भाई लक्ष्मण पिछले करीब तीन वर्षों से सोनीपत में मजदूरी का काम कर रहा है। करीब दो महीने पहले उसकी शादी हुई है। शादी के बाद वह पत्नी को साथ लेकर दोबारा सोनीपत लौट आया था। लक्ष्मण, उसकी पत्नी, रवि और सभी पुलिस लाइन के पास एक किराए के मकान में रह रहे थे और ममता कुमारी भी 3 दिन पहले आई थी। सुबह अचानक छत पर गई, कुछ देर बाद नीचे कूदी रवि ने बताया कि सोमवार सुबह ममता अचानक मकान की छत पर चली गई। कुछ देर बाद लोगों ने उसके नीचे गिरने की सूचना दी। जब परिवार के सदस्य नीचे पहुंचे तो ममता गंभीर हालत में लहूलुहान पड़ी हुई थी। उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घटना के बाद आसपास के लोग भी मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवती को नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य एकत्र किए। मकान मालिक बोले- मानसिक रूप से परेशान थी नांदल जूस दुकान संचालक ने बताया कि लक्ष्मण पिछले करीब तीन साल से उनके यहां किराए पर रह रहा था। उन्होंने कहा कि परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और 20 साल से उनका परिवार गांव रोहट में भी रहता था। कुछ सालों से परिवार बिहार चला गया। उनके अनुसार लक्ष्मण ने बताया था कि ममता मानसिक रूप से परेशान चल रही थी और उसकी दवाई भी खत्म हो गई थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी कारण उसने दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। पुलिस बोली- हर एंगल से जांच जारी पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामला संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का है। युवती के दूसरी मंजिल से गिरने के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस आत्महत्या, मानसिक तनाव और अन्य संभावित कारणों समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।