सिरसा जिले के ऐलनाबाद में एक युवक की सिर पर गोली लगने से मौत हो गई। युवक पेट्रोप पंप पर नौकरी करता था। पंप से कुछ दूरी पर ही ढाणी में युवक का शव खून से लथपथ मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को बुलाया गया। मृतक की पहचान निमला गांव निवासी 30 वर्षीय अजय के रूप में हुई है। उसका पास की एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। मृतक के परिजनों ने दैनिक भास्कर एप की टीम से बातचीत में आरोप लगाया कि अजय की गोली मारकर हत्या की गई है। उन्होंने युवती के परिवार वालों पर ही मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि अजय पंप के पास की एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग में था। युवती कोर्ट मैरिज करने को तैयार थी, परंतु उसके परिवार वाले ऐतराज जता रहे थे। इसी बात की रंजिशन घटना को अंजाम दिया। भाई बोला- युवती पक्ष पर अलग-अलग बात बता रहा परिजनों का ये भी आरोप है कि घटना के बाद लड़की के परिवार वाले कह रहे हैं कि अजय ने खुद अपने आप को गोली मारी है, जबकि ऐसा लग नहीं रहा। न ही उनको स्पष्ट बात बताई गई। वह अलग-अलग बात बता रहे हैं। ऐसे में उनके खिलाफ पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। यह घटना ऐलनाबाद के ममेरा रोड की है। पेट्रोल पंप से घर आ रहा था मृतक अजय के भुआ के बेटे भाई ढाणी शेरपुरा निवासी रमेश कुमार ने बताया, अजय ममेरा रोड पर ममेरा कलां के पास पेट्रोप पंप पर काम करता था और बुधवार रात करीब 10 से 10.30 बजे वह पंप से बाइक लेकर घर की ओर चला था। पंप से कुछ दूरी पर ही युवती का घर है। उसके परिवार वालों ने अजय को वहीं पर घेर लिया। कुछ देर बाद रात को पंप मालिक का उसके पास फोन आया और पंप पर बुलाया। इसके बाद वह अपने गांव से साथी को साथ लेकर ममेरा पहुंचा। उस समय अजय का शव खून से लथपथ पड़ा था। किसी ने सही से कुछ नहीं बताया। तभी शक बढ़ गया। मौके पर घर के दीवारों पर दो बार गोली चलने यानी फायरिंग के निशान मिले हैं। अजय के सिर पर गोली लगी थी। अजय दो भाईयों में सबसे छोटा गांव नीमला निवासी मृतक अजय दो भाई में छोटा था और वह अविवाहित था। उसकी एक बहन भी है। उसके पिता सोहनलाल खेतीबाड़ी करते हैं। घर की आर्थिक स्थिति नाजुक है। अजय पिछले दो सालों से पंप पर काम करता था। परिवार के अनुसार, उनको पहले युवती से प्रेम प्रसंग का पता नहीं था। इस घटना के बाद उसके दोस्त व अन्य लोगों से पता चला है।
सिरसा में युवक की सिर पर गोली लगने से मौत:पेट्रोल पंप करता था काम; भाई बोला-युवती से प्रेम-प्रसंग था, घरवालों ने मारा
