नूंह में साले की शादी में भिड़े दो जीजा:नोटों की माला को लेकर चले लात-घूंसे, हुआ पथराव; छत से उड़ाए नोट, आतिशबाजी की

Spread the love

हरियाणा के नूंह जिले में एक निकाह का जश्न उस समय रणक्षेत्र में बदल गया, जब ‘दिखावे’ की होड़ में दो जीजा आपस में भिड़ गए। नोटों की माला और आतिशबाजी को लेकर शुरू हुआ टकराव इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले और पत्थरबाजी तक हो गई। गनीमत रही कि इस हंगामे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। घटना नहेदा गांव की है। यहां मंगलवार को पप्पू कुरैशी के बेटे की शादी थी। इसमें पूरा परिवार तो शामिल था ही, साथ में नाते रिश्तेदार भी खुशी में शामिल होने पहुंचे थे। मारपीट और पत्थरबाजी की शिकायत पुलिस को नहीं पहुंची है। इस कारण कोई केस दर्ज नहीं किया जा सका है। विवाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना है और इसकी कुछ वीडियो फुटेज भी सामने आई हैं। 3 पॉइंट्स में समझें पूरा मामला सलाम की रस्म और वर्चस्व की जंग: नहेदा निवासी पप्पू कुरैशी के बेटे अरमान की बारात पलवल जिले के आली मेव जानी थी जानी थी। बारात रवानगी से पहले ‘सलाम’ की रस्म चल रही थी। बड़े जीजा नदीम ने दूल्हे अरमान को नोटों की माला पहनाई, लेकिन तभी छोटे जीजा बूल्लर ने छत पर चढ़कर आतिशबाजी के साथ नोटों की गड्डियां बरसाना शुरू कर दिया। बड़े जीजा को यह अपना अपमान लगा और बात बढ़ गई। बारात की जगह पथराव: मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक मोड़ ले लिया। दोनों जीजाओं के समर्थक आमने-सामने आ गए। शादी वाले घर में जहां खुशियां गूंजनी चाहिए थी, वहां चीख-पुकार और पथराव होने लगा। ग्रामीणों और रिश्तेदारों के बीच-बचाव के बाद मामला शांत हुआ। बिरादरी में हुआ राजीनामा: घटना के बाद शादी की गरिमा बनाए रखने के लिए समाज के मोजिज लोगों ने दखल दिया। दोनों पक्षों के बीच बिरादरी के स्तर पर बातचीत हुई और राजीनामा करा दिया गया। पुलिस के पास कोई लिखित शिकायत नहीं पहुंची है, जिसके चलते फिलहाल कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई। मेवात में दिखावे का जोर बता दें कि मेवात क्षेत्र में शादियों के दौरान लाखों की ‘नोटों वाली माला’ पहनना और पैसे लुटाना एक स्टेटस सिंबल बन चुका है। कई बार लोग अपनी हैसियत दिखाने के लिए भारी ब्याज पर पैसा लेकर या मालाएं किराए पर लाकर यह दिखावा करते हैं। जिस युवक अरमान की शादी थी, वह जयपुर में फल फ्रूट की रेहड़ी लगाता है। नहेदा गांव में हुई घटना ने साबित कर दिया कि रिश्तों की गहराई से ज्यादा जब ‘दिखावा’ हावी होता है, तो वह खुशियों के आंगन को विवाद का अखाड़ा बना देता है। SHO बोले- नहीं मिली शिकायत, कराएंगे जांच नहेदा गांव थाना बिछोर के अंतर्गत आता है। इस घटना को लेकर जब थाना प्रभारी राजवीर से बात की गई तो उन्होंने बताया कि आपसी विवाद, झगड़े के संबंध में किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं आई है। वे मामले में जांच कराएंगे।