जौनपुर में शुक्रवार रात बारात लेकर जा रहे दूल्हे की गोली मारकर हत्या कर दी। 2 बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक करके कार को रोका। दूल्हे की गाड़ी पर अंधाधुंध फायरिंग करने लगे। दूल्हे के पेट में 2 और जबड़े पर एक गोली लगी। मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। वारदात के बाद वहां चीख पुकार मच गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते, आरोपी वहां से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बारातियों से पूछताछ की। मामला शुक्रवार रात करीब 9 बजे खेतासराय थाना क्षेत्र का है। पहले देखिए तस्वीरें… अब पढ़िए पूरा मामला… सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बडऊर गांव निवासी रामलखन के बेटे आजाद (22) की बारात खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव के लिए निकली थी। इस दौरान तीन गाड़ियां चल रही थीं, जिनमें दूल्हा एक कार में सवार था। मनेछा गांव के पास बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने ओवरटेक कर दूल्हे की गोड़ी रोकी। जिससे पूरी बारात रुक गई। वह दूल्हे की गाड़ी पर लगातार फायरिंग करने लगे। जिसमें दूल्हे को 3 गोली लगी। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुरानी रंजिश में की वारदात
सूचना पर पहुंची खेतासराय पुलिस ने घटनास्थल की जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश का मामला सामने आया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। कई टीमें उनकी तलाश में लगी हैं। वहीं सपा जिलाध्यक्ष राकेश मौर्या ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर दूल्हे आजाद के परिजनों को सांत्वना दी। बदमाशों ने नंबर प्लेट पर कपड़ा बांधा था
दूल्हे के छोटे भाई आकाश ने बताया- बारात करीब एक से दो घंटे पहले निकली थी। भाई मोबाइल में व्यस्त था। बाइक पर सवार दो युवक आए। उन्होंने चश्मा पहन रखा था। बाइक की नंबर प्लेट पर कपड़ा बांधा हुआ था। बाइक सवारों ने गाड़ी के पास पहुंचकर फायरिंग शुरू कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। पिता बोले- बेटे की गाड़ी में 6 लोग सवार थे
दूल्हे के पिता रामलखन बिंद ने बताया- बेटे को किसने गोली मारी, इसकी जानकारी नहीं है। मैं बारात में सबसे पीछे वाली गाड़ी में था। इसी दौरान फोन पर सूचना मिली कि बेटे को गोली लग गई है। जिस गाड़ी में बेटा सवार था, उसमें कुल 6 लोग मौजूद थे। बेटा पुणे में प्राइवेट कंपनी में काम करता है। उन्होंने बताया, 3 साल पहले जपतापुर गांव के 30 लोगों ने उन्हें और उनके बेटे को बुरी तरह पीटा था। इससे दोनों के हाथ-पैर तक टूट गए थे। उन्होंने मुकदमा भी दर्ज कराया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ——————————————-
यह खबर भी पढ़ें… पुलिस चौकी में सिपाही पर थप्पड़ बरसाए, सिर फोड़ा, दरोगा की वर्दी फाड़ी, मोबाइल छीना; मिर्जापुर में वकील समेत 4 हिरासत में
मिर्जापुर में बुधवार रात भीड़ ने पुलिस चौकी में घुसकर एक सिपाही को घसीट-घसीटकर पीटा। दरोगा की वर्दी फाड़ दी और मोबाइल छीन लिया। पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और जमकर गाली-गलौज भी हुई। करीब डेढ़ घंटे तक पुलिस चौकी में हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। दरअसल, पैदल चल रहे युवक को एक ई-रिक्शा से हल्की चोट लग गई थी। पढ़ें पूरी खबर…
