नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर पीएम मोदी द्वारा यूपी के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन को लेकर है। वहीं, दूसरी खबर भीषण सड़क हादसे में उन्नाव में 5 महिलाओं सहित 6 लोगों की मौत से जुड़ी है। चलिए सिलसिलेवार तरीके से पढ़ते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- मोदी ने यूपी के सबसे लंबे एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया; हरिद्वार से भी जुड़ेगा हरदोई में PM मोदी ने यूपी के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया। यह हरिद्वार से भी जुड़ेगा। उन्होंने एक्सप्रेस-वे के किनारे पेड़ लगाया। योगी के साथ एक्सप्रेस-वे पर पैदल भी चले। 594 किमी लंबा एक्सप्रेस-वे मेरठ को प्रयागराज से जोड़ेगा, दोनों के बीच की दूरी सिर्फ 6 घंटे में पूरी होगी। इसके पहले बनारस में रोड शो किया। काशी विश्वनाथ में पूजा की, त्रिशूल लहराया। पूरी खबर पढ़ें 2- उन्नाव में 5 महिलाओं सहित 6 की मौत; बच्चे का मुंडन कराने जा रहा था परिवार उन्नाव में बुधवार को हुए सड़क हादसे में 5 महिलाओं और ड्राइवर की मौत हो गई। मरने वालों में देवरानी-जेठानी और उनकी 2 बेटियों के अलावा पड़ोसी महिला भी शामिल है। इसमें एक महिला का सिर धड़ से अलग हो गया, दो अन्य महिलाओं के शरीर टुकड़ों में बंट गए। बोलेरो से एक परिवार के 10 सदस्य बच्चे का मुंडन कराने जा रहे थे। ओवरटेक के चक्कर में बोलेरो ट्रक से टकराई। पूरी खबर पढ़ें 3- यूपी में अचानक मौसम पलटा, 10 जिलों में ओले गिरे- 20 शहरों में आंधी-बारिश यूपी में अचानक मौसम पलट गया। लोगों को गर्मी से राहत मिली है। प्रयागराज, आगरा, उन्नाव, अमेठी सहित 6 जिलों में ओले गिरे। नोएडा, मथुरा, बरेली, प्रतापगढ़ समेत 15 जिलों में तेज हवा के साथ बारिश हुई। लखनऊ में आसमान में काले बादल छाए रहे। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बने टोल प्लाजा की छत उड़ गई। अयोध्या में खराब मौसम की वजह से सीएम योगी का रूट चेंज हुआ। पूरी खबर पढ़ें 4- हाईकोर्ट बोला- मुस्लिमों की लिंचिंग पर आयोग मौन रहता है, मदरसों की जांच पर रोक इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मदरसों की ईओडब्ल्यू जांच पर रोक लगा दी है। कहा- मुस्लिमों की मॉब लिंचिंग पर मानवाधिकार आयोग मौन रहता है। आयोग द्वारा जांच के आदेश पर सवाल उठाते हुए कहा-अब अपनी ड्यूटी के बजाय वह मदरसों की जांच का आदेश दे रहा है। जस्टिस अतुल श्रीधरन और जस्टिस विवेक सरन की बेंच ने सुनवाई की है। 11 मई को अगली सुनवाई होगी। पूरी खबर पढ़ें 5- अखिलेश बोले- भाजपा किसी की सगी नहीं; महोबा की महिला कार्यकर्ता के आरोपों पर तंज अखिलेश यादव बोले- भाजपा किसी की सगी नहीं है। महोबा में महिला पदाधिकारी ने जिलाध्यक्ष पर ही आरोप लगाया, इनकी सरकार में महिलाओं के साथ इस तरह की घटना हो रही है। भाजपा के लिए अधिकारी वोट मांग रहे। कितने अधिकारियों के दामाद, परिवार के लोग जगह-जगह बैठे हैं। भाजपा के एक विधायक हैं, उनकी पत्नी क्या हैं? उनके बहनोई क्या हैं? सब जानते हैं। पूरी खबर पढ़ें अब अहम 8 खबरें… 6- मंत्रियों-विधायकों को पीछे छोड़ नए चेहरे बने पसंद; 130 सीटों पर चौंकाने वाले नाम यूपी की 403 विधानसभा सीटों पर हुए दैनिक भास्कर के सर्वे में 130 सीटों पर नए चेहरों ने चौंकाया है। लोग इन्हें 2027 में बतौर कैंडिडेट देखना चाहते हैं। इनमें रक्षामंत्री राजनाथ के छोटे बेटे नीरज सिंह, अनुराग ठाकुर के पीए विवेक मौर्य भी शामिल हैं। गुजरात की नौकरशाही से सियासत में आए ऊर्जा मंत्री एके शर्मा का नाम भी लोगों ने बतौर कैंडिडेट पहली पसंद बताया है। पूरी खबर पढ़ें 7- गोरखपुर में बीएसएफ जवान 25 मिनट तड़पता रहा, लोग वीडियो बनाते रहे गोरखपुर में BSF जवान को ट्रैक्टर- ट्रॉली ने रौंद दिया। फंसकर वह 10 मीटर तक घसीटता चला गया। मांस के टुकड़े सड़क पर बिखर गए। हादसे के 25 मिनट बाद तक वह सड़क पर ही तड़पता रहा लेकिन लोग मदद करने की बजाय मोबाइल से वीडियो बनाते रहे। किसी ने एंबुलेंस बुलाई। लेकिन अस्पताल ले जाते वक्त मौत हो गई। वह असम में तैनात थे, छुट्टी पर आए थे। पूरी खबर पढ़ें 8- बृजभूषण सिंह सपा में शामिल होंगे?, सितंबर-अक्टूबर में अखिलेश के साथ दिख सकते हैं भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह सपा का दामन थाम सकते हैं। अखिलेश यादव के साथ उनकी बातचीत आखिरी दौर में बताई जा रही है। सितंबर-अक्टूबर तक वह सपा के मंच पर नजर आ सकते हैं। वह गाहे-बगाहे अखिलेश की तारीफ करते रहते हैं। अखिलेश की रविवार को फिर तारीफ करते हुए कहा- अनुपमा जायसवाल से मिलने अस्पताल जाकर बड़प्पन दिखाया है। पूरी खबर पढ़ें 9- सहारा समूह को हाईकोर्ट से झटका; लखनऊ बेंच ने कहा- सहारा सिटी पर नगर निगम का कब्जा वैध लखनऊ हाईकोर्ट ने ‘सहारा सिटी’ का कब्जा वापस लेने की याचिका खारिज कर दी है। हाईकोर्ट ने लखनऊ नगर निगम की कार्रवाई को सही ठहराया है। सहारा कमर्शियल की ओर से याचिका दायर की गई थी। सहारा सिटी करीब 170 एकड़ में है। नगर निगम ने लीज शर्तों के उल्लंघन का हवाला देते हुए इसे कब्जे में ले लिया था। इस जमीन पर विधानसभा का नया भवन प्रस्तावित है। पूरी खबर पढ़ें 10- गाजियाबाद में 15 मंजिला अपार्टमेंट में आग; घर जलता देख महिलाएं फूट-फूटकर रोईं गाजियाबाद में 15 मंजिला अपार्टमेंट में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते 7 फ्लोर को चपेट में लिया, जान बचाने के लिए लोग भागने लगे। सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भीषण थी कि धुएं का गुबार करीब 5 किमी दूर से दिखाई दे रहा था। धुएं से कुछ लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी तो उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। 14 फायर ब्रिगेड गाड़ियों ने काबू पाई। पूरी खबर पढ़ें 11- हाईकोर्ट से सपा सांसद अफजाल अंसारी को राहत, गिरफ्तारी पर रोक इलाहाबाद हाईकोर्ट ने गाजीपुर से सपा सांसद अफजाल अंसारी की गिरफ्तारी पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है। अगली सुनवाई 13 मई को होगी। मामला साल 2009 लोकसभा चुनाव के दौरान का है। अफजाल के खिलाफ मोहम्मदाबाद थाने में एफआईआर दर्ज हुई थी। आरोप लगा था कि चुनाव प्रचार का समय खत्म होने के बाद भी उन्होंने बैठक की और प्रचार किया। पूरी खबर पढ़ें 12- लखनऊ में BBAU कुलपति के आवास पर बवाल, जबरिया गेट खोलकर घुसे छात्र लखनऊ की बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर यूनिवर्सिटी (BBAU) में छात्रा की मौत के बाद स्टूडेंट्स ने बवाल कर दिया। गुस्साए छात्र मंगलवार आधी रात को कुलपति प्रो.आरके मित्तल के आवास का गेट जबरिया खोलकर घुस गए। छात्रों का आरोप है कि साइंस स्टूडेंट अनामिका सिंह को हॉस्टल का खाना खाने से फूड पॉइजनिंग हुई थी। 5 दिन इलाज के बाद मंगलवार को मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ें 13- आगरा में घर में घुसकर युवती को उठाया; युवक के प्रपोजल को ठुकरा दिया था आगरा में एक युवती ने शोहदे के प्रपोजल को ठुकरा दिया तो घर में घुसकर उसे उठा ले गया। आरोप है कि युवक घर में घुसा और युवती को घसीटते हुए साथ ले गया। बहन उसे बचाने के लिए मदद की गुहार लगाती रही। इसका वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। युवती की मां ने बताया- बेटी को सरेआम छेड़ता था। शादी से मना किया तो घर में घुसा। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है… 14- शादी के पहले दूल्हे की अनोखी शर्त, पूछा- लकड़ी के चूल्हे पर खाना पका लोगी? बाराबंकी में बारात लेकर पहुंचे एक दूल्हे ने जयमाल से पहले दुल्हन के सामने अनोखी शर्त रखी। उसने दुल्हन से पूछा कि क्या चूल्हे पर खाना बना लोगी? सवाल सुनकर पूरा पंडाल स्तब्ध रह गया। हालांकि, दुल्हन ने सिर हिलाकर ‘हां’ में जवाब दिया। फिर उसने वरमाला पहनाई। दरअसल, उसको तिलक के समय सिलेंडर लेने में काफी दिक्कत हुई थी। एजेंसी के चक्कर काटने पड़े थे। पूरी खबर पढ़ें कल क्या रहेगा खास… 15- यूपी विधानसभा विशेष सत्र 30 अप्रैल को उत्तर प्रदेश विधानसभा का एक विशेष सत्र आयोजित किया जा रहा है। संसद में महिला आरक्षण संशोधन विधेयक के पास नहीं होने पर योगी सरकार, विपक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव ला सकती है। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…
यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:मोदी ने त्रिशूल लहराया, बृजभूषण बोले- अखिलेश ने बड़प्पन दिखाया, हाईकोर्ट बोला- मुस्लिमों की लिंचिंग पर आयोग मौन
