यमुनानगर जिले के व्यासपुर इलाके में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब रणजीतपुर साइड से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने आगे चल रही बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार डंपर के नीचे आ गया और ड्राइवर उसे करीब 20 मीटर तक घसीटता ले गया, जिससे वह बुरी तरह कुचल गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा बढ़ गया। आक्रोशित भीड़ ने डंपर को घेर लिया और ड्राइवर को नीचे उतारकर उसकी पिटाई कर दी। हालात ऐसे बन गए कि ड्राइवर के कपड़े तक फट गए। इतना ही नहीं लोगों ने पत्थर मारकर डंपर के शीशे तोड़ दिए। तेज रफ्तार में डंपर ने पीछे से मारी टक्कर किसी तरह जान बचाकर ड्राइवर मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे भीड़ से बचाते हुए हिरासत में ले लिया। साथ ही डंपर को भी कब्जे में ले लिया गया। हादसे में मृतक की पहचान गांव छोली निवासी 42 वर्षीय रमेश कुमार पुत्र देवव्रत के रूप में हुई है, जो पेशे से वेल्डिंग का काम करता था। जानकारी अनुसार रमेश रणजीत साइड से अपनी बाइक पर चला आ रहा था। जैसे ही वह छोटा अड्डा व्यासपुर के पास पहुंचा, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने लापरवाही दिखाते हुए बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही रमेश बाइक समेत सड़क पर गिर गया। ड्राइवर की पिटाई कर फाड़े कपड़े इस दौरान वह डंपर के टायर में फंस गया। लोगों का आरोप है कि डंपर ड्राइवर हादसे के बाद भी नहीं रुका। वह टायर में फंसे रमेश का करीब 20 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया, जिस कारण वह बुरी तरह कुचला गया। उसकी सारी हडि्डयां टूट गईं। हादसे के वक्त डंपर ड्राइवर नीचे उतरा तो गुस्साए लोगों ने उसे घेर लिया। इस दौरान लोगों ने उसकी जमकर पिटाई की, जिसमें उसके कपड़े तक फट गए। ड्राइवर ने भागकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही व्यासपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी ड्राइवर को लोगों की भीड़ से बचाकर हिरासत में लिया। लोगों का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ। उन्होंने पत्थर मारकर डंपर के शीशे तोड़ दिए। ब्रेक लगा लेता, तो शायद जान बच जाती प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर टक्कर के तुरंत बाद ड्राइवर ब्रेक लगा देता, तो बाइक सवार की जान बच सकती थी। व्यासपुर थाना प्रभारी विनोद कुमार के अनुसार, दोपहर करीब साढ़े 3 बजे हादसे की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में भिजवा दिया है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
यमुनानगर में डंपर ने बाइक सवार को कुचला:20 मीटर टायर के नीचे घसीटा; लोगों ने वाहन के तोड़े शीशे; ड्राइवर को पीटा
