हरियाणा के हांसी में बाबा बागेश्वर की तरह दिव्य दरबार लगाकर पर्चा निकालने वाले बाबा दिनेश पूरी विवादों में फंस गए हैं। अब करनाल की साध्वी देवा ठाकुर ने बाबा को आड़े हाथों लेते हुए उसे फर्जी और पैसे कमाने के लिए सनातन को बदनाम करने का आरोप लगाया है। देवा फाउंडेशन की प्रमुख साध्वी ने लाइव वीडियो जारी कर नंद नगर स्थित बालाजी धाम में दिव्य दरबार लगाने वाले दिनेश पुरी पर गंभीर आरोप लगाए और खुली चेतावनी दी है। साध्वी ने कहा कि बाबा महीने में दो बार दरबार लगाता है और उसके प्रमोशन के लिए यू-ट्यूबर को 3 से 5 हजार रुपए देकर अपनी एड करवाता है। साध्वी ने कहा कि अगर बाबा में इतनी शक्तियां हैं, तो उसे वीडियो वायरल करवाने के लिए बूस्ट क्यों करवानी पड़ती है। कोई ऐसा तंत्र, ऐसा मंत्र बताए, जिससे आपकी वीडियो भी वायरल हो जाए। साध्वी बोलीं- पर्चे दर्ज हो गए, पता नहीं लगा साध्वी देवा ठाकुर ने कहा कि महाराज जी आप पर दो केस दर्ज हो गए आपको पता नहीं चला। आपने सभी के सामने तंत्र करने वाले का नाम बता दिया। आपको जब यह पता चल जाता है कि फलाने आदमी ने तंत्र किया है। तो आपको यह भी पता चल जाता होगा कि किसने क्राइम किया है, आप पुलिस, सीआईए और प्रशासन की मदद कर दिया करो। साध्वी ने कहा कि अभी तो 15-20 अन्य लोग भी तैयार बैठे हैं, जो जल्द ही बाबा की पोल खोलेंगे, वो आपके द्वारा पैसे देकर बनवाई गई वीडियो देख रहे हैं। कई लोग मानहानि के मुकदमे की तैयारी कर रहे हैं और बयानों की जांच की जा रही है। पहले क्यों नहीं दिखा विरोध साध्वी ने अपने वीडियो में दिनेश पुरी से सीधे सवाल करते हुए कटाक्ष किया कि जब वे पर्चा खोलते समय लोगों के कर्म, गुनाह और प्रेत तक देखने का दावा करते हैं, तो उन्हें पहले यह क्यों नहीं दिखा कि लोग उनके खिलाफ खड़े होने वाले हैं। साध्वी ने तीखा हमला करते हुए कहा कि यदि दिनेश पुरी के पास सच में ऐसी दिव्य शक्तियां हैं और वे कैंसर जैसी बीमारियां ठीक करने का दावा करते हैं, तो हांसी के अस्पतालों को बंद करवा कर पूरे इलाके को बीमारी मुक्त करके दिखाएं। उनका कहना था कि इससे उनकी शक्तियों की सच्चाई खुद सामने आ जाएगी। आस्था के नाम पर गुमराह करने का आरोप साध्वी ने आरोप लगाया कि दिव्य दरबार के नाम पर लोगों से पैसे लिए जा रहे हैं और हर पूर्णमासी को दरबार लगाकर लाखों रुपए की आमदनी की जा रही है। उन्होंने इसे धर्म और आस्था के नाम पर लोगों को गुमराह करना बताया। अपने बयान में साध्वी देवा ठाकुर ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां सनातन धर्म और भगवा की छवि को नुकसान पहुंचा रही हैं, जो किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।
साध्वी देवा ठाकुर बोलीं- हांसी वाला बाबा फर्जी:यूट्यूबरों को देता है कैश; इतनी शक्तियां है तो वीडियो बूस्ट क्यों करवा रहे
