करनाल जिले में घरौंडा के पास नेशनल हाईवे पर बसताड़ा के नजदीक एक प्राइवेट बस ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। मृतका के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। हादसे में पत्नी की मौत, पति को रेफर किया गया पुलिस के अनुसार रंभा निवासी 45 वर्षीय वजिंद्र अपनी 40 वर्षीय पत्नी ज्योति रानी के साथ बाइक पर सवार होकर करनाल से पानीपत की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे घरौंडा में बसताड़ा के पास पहुंचे तो पीछे से आ रही एक प्राइवेट बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक असंतुलित हो गई और दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित किया हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मदद से दोनों को घरौंडा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने ज्योति रानी को मृत घोषित कर दिया। वहीं वजिंद्र की हालत गंभीर होने के चलते प्राथमिक उपचार के बाद उसे करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया। बस ड्राइवर मौके से फरार, पुलिस ने शुरू की जांच हादसे के बाद बस ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस और क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी रवि कुमार ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्च्युरी हाउस भेज दिया गया है। शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
करनाल में बस ने दंपती को मारी टक्कर:पत्नी की मौत, पति की हालत गंभीर; बाइक से पानीपत जा रहे थे
