आगरा में महालक्ष्मी मंदिर की दीवार गिरी:खून से लथपथ लोग भागते दिखे, कई 15 फीट नीचे यमुना में गिरे; 6 को बाहर निकाला

आगरा में महालक्ष्मी मंदिर की दीवार गिरी:खून से लथपथ लोग भागते दिखे, कई 15 फीट नीचे यमुना में गिरे; 6 को बाहर निकाला

आगरा के महालक्ष्मी मंदिर की दीवार गिर गई। दीवार के साथ छत का करीब 3 फीट हिस्सा भी गिर गया। इसके चलते दीवार के सहारे खडे़ लोग छत से 15 फीट नीचे यमुना नदी की तरफ गिर गए। हादसे के बाद मौके पर भगदड़ और चीख-पुकार मच गई। कुछ लोग खून से लथपथ भागते दिखे। सूचना पर पुलिस और अन्य अधिकारी पहुंच गए। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल भी मौके पर हैं। महालक्ष्मी मंदिर यमुना नदी के किनारे है। मंदिर की सीढ़ियों तक यमुना का पानी आ गया है। मंदिर के पुजारियों के मुताबिक, शाम करीब 7 बजे 30 से ज्यादा लोग मंदिर प्रांगण में खड़े थे। तभी अचानक दीवार गिर गई। इसके बाद मंदिर परिसर में भगदड़ जैसे हालात हो गए। पुलिस के जवान भी दौड़कर मदद करने आ गए। लोगों के साथ मिलकर पुलिस ने रेस्क्यू शुरू किया। दीवार के नीचे दबे 6 लोगों को बाहर निकाला। उन्हें हॉस्पिटल भेजा गया है। कुछ लोग मिसिंग बताए जा रहे हैं। उन्हें ढूंढने के लिए यमुना में 9 गोताखोर उतारे गए हैं। जो लोग मिसिंग हैं, अभी उनकी आधिकारिक संख्या डिक्लेयर नहीं की गई है। पुलिस ने एहतियातन महालक्ष्मी मंदिर को अपने नियंत्रण में ले लिया है। गेट बंद करवा दिए गए हैं। मलबा हटवाया गया है। 2 तस्वीरों में हालात समझिए… विधायक बाढ़ का जायजा ले रहे थे, तभी हादसा हुआ
बताया गया है कि जब हादसा हुआ, उस समय विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल अधिकारियों के साथ बल्केश्वर महादेव मंदिर के सामने बाढ़ के हालात का जायजा ले रहे थे। सूचना पर वो तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। जिन लोगों का रेस्क्यू किया गया, उनके हाथ-पैर और सिर में चोट आई है। लोग बोले- दीवार अंदर गिरती तो बड़ा हादसा होता
महालक्ष्मी मंदिर यमुना नदी से सटा हुआ है। इस वक्त यमुना नदी में बाढ़ की स्थिति है। लोगों का कहना है कि गनीमत है कि अंदर की तरफ दीवार नहीं गिरी, वर्ना कई लोगों की जान भी जा सकती थी। मेयर हेमलता दिवाकर और नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। पढ़िए चश्मदीद क्या कहते हैं… मैंने 3 लोगों को खून से लथपथ भागते देखा…
घटना के चश्मदीद ऋषि अग्रवाल ने बताया- मैं मंदिर में 6.30 बजे माता के दर्शन करने जा रहा था। जब मैं गेट पर पहुंचा, तो देखा कि लोग बाहर की ओर भाग रहे हैं। मैंने पूछा कि क्या हुआ है? लोगों ने बताया कि हादसा हो गया है। ये सुनकर मैं मंदिर में अंदर की तरफ दौड़ा। जब मैं मंदिर परिसर में पहुंचा तो 3 लोग खून से लथपथ बाहर की ओर भाग रहे थे। किसी के सिर पर चोट थी, किसी के हाथ से खून बह रहा था। मैंने उनसे भी पूछा कि क्या हुआ? उन लोगों ने बताया कि मंदिर की दीवार गिर गई है। कई लोग यमुना में गिर गए हैं। कुछ लोग बाहर निकल आए हैं। बताया कि हादसे के समय मंदिर में करीब 40 लोग मौजूद थे। आगरा डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने कहा- हादसे के बाद 3 लोगों के लापता होने की बात सामने आई थी। वो मिल गए हैं, एहतियातन हम SDRF से सर्च ऑपरेशन चलवा रहे हैं। यमुना नदी में गोताखोर तलाश कर रहे हैं। अभी तक किसी के डूबने की जानकारी नहीं है। DCP सिटी सोनम कुमार ने बताया- कुछ लोग नीचे गिर गए थे। उनको यमुना से निकाला गया है। अभी और लोगों की तलाश की जा रही है। एनडीआरएफ की टीम भी बुलाई गई है। पुलिस उपायुक्त सोनम कुमार ने बताया- लक्ष्मी मंदिर परिसर की एक दीवार अचानक नदी में ढह गई। मौके पर मौजूद 4-5 व्यक्तियों को मामूली चोट आई है। जिन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार दिलवाया गया है। पुलिस व प्रशासनिक टीम ने रेस्क्यू किया। 118 साल पुराना है महालक्ष्मी मंदिर आगरा में महालक्ष्मी मंदिर यमुना नदी के किनारे स्थित है। यह 118 साल पुराना मंदिर है, जो देवी महालक्ष्मी के लिए प्रसिद्ध है। इस मंदिर को लेकर मान्यता है कि यहां मांगी गई मनोकामना पूरी होती है। यहां आने वाले लोगों को मन की शांति मिलती है। यहां नवरात्रि के दौरान विशेष आयोजन किए जाते हैं। हवन और भंडारे का आयोजन होता है। ………………………………… ये खबर भी पढ़िए- एकतरफा प्यार में महिला को जिंदा जलाया:फर्रुखाबाद में 70% झुलसी, खुद उठी स्कूटी चलाकर अस्पताल पहुंची…मौत फर्रुखाबाद में युवक ने एकतरफा प्यार में शादीशुदा महिला को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। तब तक आरोपी फरार हो गए। लोगों ने आग बुझाई। करीब 70% झुलसी महिला खुद उठी और स्कूटी चलाकर अस्पताल पहुंची। हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पढ़ें पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *