झारखंड में छाए रहेंगे बादल, होगी हल्की बारिश:मानसून हुआ कमजोर, उमस भरे मौसम ने किया परेशान, कहर बना आकाशीय बिजली

झारखंड में छाए रहेंगे बादल, होगी हल्की बारिश:मानसून हुआ कमजोर, उमस भरे मौसम ने किया परेशान, कहर बना आकाशीय बिजली

झारखंड में अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 7 से 11 सितंबर तक राज्य के कई जिलों में बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार गरज के साथ बारिश हो सकती है। 12 और 13 सितंबर को भी मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रहने का अनुमान है। वहीं, अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। बीते 24 घंटे में मनोहरपुर में सर्वाधिक बारिश पिछले 24 घंटे में पश्चिम सिंहभूम के मनोहरपुर में सर्वाधिक 49.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, कई जिलों में बूंदाबांदी से मौसम सुहावना रहा। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से लगभग 5 डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग ने बताया कि झारखंड के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया गया है। कोडरमा-चतरा में कहर बना मौसम इधर, कोडरमा और चतरा में रविवार को मौसम कहर बन कर आया। चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के खधैया गांव में अचानक आई बाढ़ में बाइक सहित दो युवक बह गए। ग्रामीणों ने चांदो दास को बचा लिया, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लेकिन उनके जीजा संजू दास अब तक लापता हैं। चतरा में ही सिमरिया थाना क्षेत्र में वज्रपात की चपेट में आकर 39 वर्षीय महिला किसान चिंता देवी की मौत हो गई। वे खेत में टमाटर लगा रही थीं, तभी यह हादसा हुआ। इसी दिन कोडरमा जिले में आकाशीय बिजली गिरने से 21 वर्षीय सचिन कुमार शर्मा की मौत हो गई। वे खांडी गांव में ऑनलाइन पेमेंट कर रहे थे, तभी वज्रपात हुआ। हादसे में उनके साथ मौजूद दो फेरीवाले बाल-बाल बच गए। वहीं चंदवारा प्रखंड के जौगी गांव में गिरी आकाशीय बिजली से एक महिला की तीन बकरियां मारी गईं, हालांकि महिला और उनकी साथी सुरक्षित रहीं। चार जिले में 37 डिग्री तक जाएगा पारा जिलेवार पूर्वानुमान के अनुसार, देवघर, धनबाद, दुमका और जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री तक जा सकता है। रांची, लोहरदगा, गुमला और खूंटी जैसे जिलों में तापमान 32 से 34 डिग्री के बीच रहेगा। न्यूनतम तापमान 22 से 25 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। गिरिडीह, पाकुड़ और साहिबगंज में अधिकतम तापमान 38 डिग्री तक पहुंच सकता है, लेकिन बारिश होने पर इसमें गिरावट दर्ज की जाएगी। रांची और आसपास उमस करेगा परेशान राजधानी रांची और आसपास के जिलों में फिलहाल उमस भरी गर्मी बनी हुई है। हालांकि, अगले 48 घंटे में यहां हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। रांची में इस सीजन अब तक 1317.1 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 20 फीसदी ज्यादा है। वहीं, खूंटी और लातेहार में सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई है। प्रदेश में अब तक 1048.8 मिमी बारिश झारखंड में 1 जून से 7 सितंबर तक कुल 1048.8 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य वर्षा 859.5 मिमी होती है। यानी इस बार अब तक 22 फीसदी ज्यादा वर्षा दर्ज की गई है। बोकारो, हजारीबाग, धनबाद और जामताड़ा जैसे जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हुई है। वहीं, गुमला, रामगढ़ और सरायकेला-खरसावां में वर्षा सामान्य से कम रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *