बेतवा नदी में बह गई पाइपलाइन, 13 करोड़ की जलप्रदाय योजना ठप

Spread the love

उल्‍लेखनीय है कि नगर परिषद द्वारा 13 करोड़ से अधिक की राशि से जलप्रदाय योजना को आधुनिक स्वरूप देने के लिए कई कार्य कराए गए थे। इसमें नए इंटकवेल (जल ग्रहण संरचना), एनीकट (जल संग्रह), नवीन जल फिल्टर प्लांट, बड़ी पानी की टंकियां और पाइपलाइन का कार्य शामिल था। यह योजना एक निजी ठेकेदार के माध्यम से क्रियान्वित की गई थी। योजना का उद्देश्य पुराने इंटकवेल को नए इंटकवेल से जोड़ना था, ताकि नगरवासियों को स्वच्छ और निर्बाध जल आपूर्ति हो सके। लेकिन इसी उद्देश्य से डाली गई मुख्य अतिरिक्त पाइपलाइन तकनीकी रूप से दोषपूर्ण निकली और भारी वर्षा के कारण बेतवा नदी की उफनती धारा में बह गई। इससे न केवल नई योजना, बल्कि पुरानी जल आपूर्ति व्यवस्था भी ठप्प हो गई है।

जल आपूर्ति पूर्णतः बाधित होने के बाद नगर परिषद ने शहर में मुनादी करवा कर नागरिकों को इसकी जानकारी दी। जल संकट को देखते हुए नागरिकों में आक्रोश भी देखा जा रहा है। नगर के कई क्षेत्रों में लोगों को पीने का पानी खरीदकर या दूर-दराज के नलकूपों से भरकर लाना पड़ रहा है। हाल ही में बैरसिया से स्थानांतरित होकर आए नवागत प्रभारी सीएमओ जहीरूद्दीन ने कुरवाई पहुंचकर नगर परिषद का कार्यभार संभाला है। इस संबंध में उन्होंने कहा कि उनके सामने नगर परिषद के संचालन को लेकर अनेक चुनौतियाँ हैं, जिनमें सबसे प्रमुख चुनौती जल आपूर्ति बहाल करना है। उन्होंने बताया कि जल प्रदाए योजना की पाइपलाइन ठीक करने के लिए संबंधित ठेकेदार को दूरभाष पर सूचना दी गई है, बेतवा का पानी उतरने के पश्चात ही पाइपलाइन को ठीक करवाया जा सकेगा, तब तक नगर में वैकल्पिक जलप्रदाय की व्यवस्था पानी की के टैंकरों तथा नलकूपों से सीधे जलप्रडाय करके किया जाएगा।