MP के शिक्षकों का भोपाल में प्रदर्शन, ज्ञापन सौंपा:TET अनिवार्यता के खिलाफ जुटे; मांग पूरी नहीं होने पर जून में बड़े आंदोलन की चेतावनी दी

Spread the love

भोपाल में शनिवार को अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर बड़ा शिक्षकों ने बड़ा प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने एमपी नगर एसडीएम को ज्ञापन सौंप कर प्रदर्शन को समाप्त किया। आयोजकों के मुताबिक, भोपाल के भेल स्थित दशहरा मैदान में ‘मुख्यमंत्री अनुरोध यात्रा’ के तहत प्रदेश के अलग अलग जिलों से करीब 50 हजार से ज्यादा शिक्षकों ने भाग लिया। अजाद अध्यापक संघ के अध्यक्ष भरत पटेल ने चेतावनी दी कि अगर मांगें पूरी नहीं हुईं तो जून में फिर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। सरकार परीक्षा ले तो पढ़ाई का समय दे, जनगणना में न लगाए संयुक्त मोर्चे के संयोजक जगदीश यादव ने कहा कि अगर सरकार परीक्षा लेना ही चाहती है तो शिक्षकों को पढ़ाई के लिए समय दिया जाए और उन्हें जनगणना जैसे कामों में न लगाया जाए। संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों ने साफ कहा कि पहले से नौकरी कर रहे शिक्षकों को दोबारा शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी TET देने के लिए मजबूर करना गलत है। उनका कहना है कि नियुक्ति के समय सभी जरूरी योग्यता पूरी की गई थी, ऐसे में 20 से 25 साल की सेवा के बाद नई शर्तें थोपना न्यायसंगत नहीं है। सुप्रीम कोर्ट आदेश से 90 से 95 प्रतिशत शिक्षक प्रभावित हुए शिक्षकों का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के हालिया आदेश से 90 से 95 प्रतिशत तक शिक्षक प्रभावित हुए हैं। खासकर वे शिक्षक जो पहले अध्यापक थे और बाद में शिक्षक संवर्ग में शामिल हुए। इन शिक्षकों ने कम वेतन से नौकरी शुरू की थी और आज भी पेंशन, ग्रेच्युटी और सेवा अवधि की गणना जैसे अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। मूल तारीख से सेवा की गणना नहीं कर रही सरकार संयुक्त मोर्चा ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार नियुक्ति की मूल तारीख से सेवा की गणना नहीं कर रही है जिससे आर्थिक नुकसान हो रहा है। अब TET को अनिवार्य करने से उन पर और दबाव बढ़ रहा है और आगे चलकर कम पेंशन और ग्रेच्युटी मिलने का डर भी बना हुआ है। भारी भीड़ के कारण पेड़ों के नीचे बैठे शिक्षक दशहरा मैदान में भारी भीड़ के कारण पंडाल छोटा पड़ गया और कई शिक्षकों को पेड़ों की छांव में बैठना पड़ा। दूर दूर से आए प्रदर्शनकारियों को पुलिस बैरिकेडिंग की वजह से अपने वाहन काफी पहले ही रोकने पड़े और वहां से पैदल ही मैदान तक पहुंचना पड़ा। गौरतलब है कि इससे पहले 8 अप्रैल को जिला स्तर पर और 11 अप्रैल को ब्लॉक स्तर पर भी प्रदर्शन किए गए थे। उसी कड़ी में यह राज्य स्तरीय प्रदर्शन भोपाल में किया गया। आखिर में शिक्षकों ने एमपी नगर एसडीएम एल.के खरे को ज्ञापन सौंपा और अपनी मांगों पर जल्द फैसला लेने की अपील की। इसके साथ ही दिन भर चला यह बड़ा प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त हो गया। देखें प्रदर्शन की तस्वीरें… प्रदर्शन के पल-पल की अपडेट जानने के लिए नीचे दिए ब्लॉग से गुजर जाइए…