हजारीबाग के केरेडारी में दर्दनाक सड़क हादसा:बाइक दुर्घटना में दो की मौत, तीन गंभीर, रामजानकी मंदिर के पास की घटना

हजारीबाग के केरेडारी में दर्दनाक सड़क हादसा:बाइक दुर्घटना में दो की मौत, तीन गंभीर, रामजानकी मंदिर के पास की घटना

हजारीबाग जिले के केरेडारी-बड़कागांव रोड पर बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। केरेडारी रामजानकी मंदिर के पास हुए इस हादसे में बाइक चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रात करीब 10:30 बजे की है, जब एक बुलेट बाइक तेज रफ्तार में आकर लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। जानकारी के मुताबिक मृतकों में बाइक चालक खपिया निवासी देवशरण साव का बेटा गोलू उर्फ दीपक कुमार और केरेडारी निवासी चोहन महतो की शादीशुदा बेटी आरती देवी शामिल हैं। बताया जाता है कि आरती देवी अपनी बेटी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ कर्मा पूजा देखने गई थीं। पूजा के बाद सभी लोग देर रात घर लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक घटना घटी। घायलों का इलाज जारी, हालत गंभीर इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें खपिया निवासी रविंद्र कुमार, चोहन महतो की पोती और चोहन महतो की समधन शामिल हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हजारीबाग स्थित आरोग्यम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद आनन-फानन में लोगों ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। लेकिन आरती देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं बाइक चालक गोलू उर्फ दीपक ने इलाज के लिए ले जाने के दौरान रास्ते में ही अंतिम सांस ली। हादसे के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। कर्मा पूजा देखने गए थे सभी गांव में कर्मा पूजा का आयोजन था। पूजा देखने गई आरती देवी अपनी बेटी और अन्य महिलाओं के साथ घर लौट रही थीं। इसी बीच जोखि की ओर से आ रही तेज रफ्तार बुलेट अनियंत्रित होकर सभी को रौंदते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे ने पूरे केरेडारी पंचायत में खुशी का माहौल मातम में बदल दिया। घटना के बाद से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। लोग दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहे हैं। हादसे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *