प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को दिल्ली स्थित यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में सेमीकॉन इंडिया-2025 का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ‘आज पूरी दुनिया भारत पर भरोसा करती है। दुनिया भारत के साथ सेमीकंडक्टर का भविष्य बनाने के लिए तैयार है।’ मोदी ने आगे कहा, ‘एक तरफ जब दुनिया भर की इकोनॉमी में चिंताएं हैं। आर्थिक स्वार्थ से पैदा हुई चुनौतियां हैं। उस माहौल के बावजूद भारत ने इस साल के पहली तिमाही में 7.8% की ग्रोथ रेट हासिल करके दिखाया है। यह वृद्धि मैन्युफैक्चरिंग, सर्विस, कृषि और निर्माण सहित हर सेक्टर दिखाई दे रही है।’ प्रधानमंत्री ने कहा, ‘भारत अब बैकएंड से निकलकर एक फुल-स्केल सेमीकंडक्टर राष्ट्र बनने की राह पर है। हम सभी निवेशकों का स्वागत करने के लिए तैयार हैं। वो दिन दूर नहीं, जब दुनिया कहेगी, डिजाइन्ड इन इंडिया, मेड इन इंडिया एंड ट्रस्टेड बाय वर्ल्ड। डिजाइन इन इंडिया और मेड इन इंडिया, यही भविष्य की पहचान होगी।’ PM ने कहा, ‘सेमीकंडक्टर की दुनिया में कहा जाता है कि ऑयल ब्लैक गोल्ड था, लेकिन चिप्स डिजिटल डायमंड हैं। पिछली सदी में दुनिया का भविष्य तेल के कुएं से तय होता था, लेकिन 21वीं सदी की शक्ति एक छोटी सी चिप में सिमट गई है। यह चिप भले ही छोटी है, लेकिन इसमें दुनिया के विकास को गति देने की ताकत है।’ मजाकिया अंदाज में PM ने भाषण की शुरुआत की
PM मोदी ने सेमीकॉन इंडिया-2025 कार्यक्रम में अपने भाषण की शुरुआत मजाकिया अंदाज से की। उन्होंने कहा, ‘मैं कल रात की जापान और चीन की यात्रा करके लौटा हूं।’ PM खे इतना कहते ही दर्शक दीर्घा में बैठे लोगों ने तालियां बजाईं। इस पर PM ने थोड़ा सीरियस होकर कहा, ‘गया था इसलिए ताली बजा रहे हो या वापस आ गया इसलिए ताली बजा रहे हो।’ PM की बातों पर लोग जोर से हंसने लगे। इसके बाद PM मोदी भी मुस्कुराते दिखे। वैष्णव बोले- दुनिया भारत को भरोसे से देख रही
सेमीकॉन इंडिया-2025 के उद्घाटन समारोह में केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी शामिल हुईं। अश्विनी वैष्णव ने कहा, ‘हमने 3.5 साल पहले भारत सेमीकंडक्टर मिशन की शुरुआत की थी। इतने कम समय में ही दुनिया भारत की ओर भरोसे से देख रही है। अश्विनी वैष्णव ने कहा, ‘PM मोदी ने सेमीकॉन इंडिया-2024 में कहा था कि जब मुश्किलें आएं, तो आप भारत पर दांव लगा सकते हैं। हाल ही में पहली तिमाही में 7.8% की वृद्धि दर प्रधानमंत्री की बातों का प्रमाण है।’ वैष्णव ने PM को 32-बिट माइक्रो प्रोसेसर गिफ्ट किया
अश्विनी वैष्णव ने प्रधानमंत्री को विक्रम 32-बिट प्रोसेसर और 4 प्रोजेक्ट्स के टेस्ट चिप्स गिफ्ट किए। विक्रम 32-बिट प्रोसेसर पूरी तरह भारत में विकसित पहला 32-बिट माइक्रो प्रोसेसर है, जिसे ISRO सेमी-कंडक्टर लैब ने बनाया है। इसे लॉन्च व्हीकल्स की मुश्किल पर्यावरणीय हालातों में इस्तेमाल के लिए तैयार किया गया है। 3 दिनों तक चलेगी कॉन्फ्रेंस, राउंड टेबल में शामिल होंगे PM
सेमीकॉन इंडिया-2025 तीन दिनों तक चलने वाली कॉन्फ्रेंस है, जिसका आयोजन भारत के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को बढ़ावा देने के लिए किया गया है। इस कॉन्फ्रेंस में 48 देशों की 350 से ज्यादा कंपनियां, 2500 प्रतिनिधि, 50 ग्लोबल लीडर्स समेत समेत 20,750 से ज्यादा कंटेस्टेंट भाग लेंगे। इसमें छह देशों की राउंड टेबल चर्चा, देश-स्तरीय मंडप और वर्कफोर्स डेवलपमेंट एंड स्टार्ट-अप्स के लिए समर्पित मंडप भी शामिल होंगे। PM मोदी 3 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के CEO की राउंड टेबल में हिस्सा लेंगे। यह राउंड टेबल सुबह 9.30 बजे से शुरू होगी। बेंगलुरु, गांधीनगर और ग्रेटर नोएडा में तीन कॉन्फ्रेंस हुईं
सेमीकॉम इंडिया-2025 को इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत भारत सेमीकंडक्टर मिशन (ISM) और अंतर्राष्ट्रीय उद्योग संघ SEMI ने आयोजित किया है। यह सेमीकॉम इंडिया का चौथा और सबसे बड़ा एडिशन है। इससे पहले 2022 में बेंगलुरु, 2023 में गांधीनगर और 2024 में ग्रेटर नोएडा में कॉन्फ्रेंस हुई थी। जापान में सेमीकंडक्टर प्लांट देखने गए थे मोदी
प्रधानमंत्री मोदी की हालिया जापान यात्रा के दौरान, भारत और जापान ने 21 महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए, जिनमें सेमीकंडक्टर और AI क्षेत्र में सहयोग प्रमुख है। इस दौरे के दौरान मोदी ने टोक्यो इलेक्ट्रॉन के सेमीकंडक्टर प्लांट का दौरा किया और दोनों देशों ने एडवांस टेक्नोलॉजी पर रणनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में संकल्प लिया। जापान को सेमीकंडक्टर इक्विपमेंट्स और मटेरियल में ग्लोबल लीडर माना जाता है। भारत-जापान समझौते का एक पहलू यह भी है कि जापान की पुरानी तकनीकों का निर्माण इंडिया में ट्रांसफर किया जाए, ताकि चीन पर निर्भरता कम हो सके और आर्थिक सुरक्षा बढ़े। ………………………….. यह खबर भी पढ़ें… चीन में पाकिस्तानी PM के सामने पहलगाम हमले की निंदा: SCO मेंबर बोले- आतंकियों को सजा देना जरूरी चीन में SCO समिट में भारत को बड़ी सफलता मिली है। यहां पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ भी मौजूदगी में पहलगाम हमले की निंदा की गई। SCO के घोषणा पत्र में कहा गया कि इस हमले के अपराधियों, आयोजकों और उन्हें समर्थन देने वालों को सजा दिलाना जरूरी है। इस साल 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने 26 पर्यटकों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पूरी खबर पढ़ें…
PM बोले- आर्थिक स्वार्थ से अर्थव्यवस्था में चुनौतियां आईं:भारतीय GDP फिर भी 7.8% बढ़ी; एक दिन दुनिया कहेगी मेड इन इंडिया, ट्रस्टेड बाय वर्ल्ड
