कैमूर के मोहनिया थाना क्षेत्र के देवरिया गांव में गुरुवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में चारा काट रहे 20 वर्षीय युवक की मौत ट्रांसफॉर्मर का तार टूटकर गिर जाने से हो गई। मृतक की पहचान लक्ष्मण यादव के बेटे उमेश यादव के रूप में हुई है। खेत में घास काटते समय हुआ हादसा परिजनों ने बताया कि उमेश यादव शाम के समय खेत में पशु के लिए चारा काट रहे थे। खेत के बगल में ट्रांसफॉर्मर लगा हुआ था। अचानक उसका तार टूटकर उनके ऊपर गिर गया। तेज करंट की चपेट में आने से उमेश मौके पर ही गिर पड़े। भाई ने देखा तो मचा शोर हादसे के समय उमेश का भाई भी पास के ही खेत में चारा काट रहा था। जब उमेश कुछ देर तक वापस नहीं लौटे तो भाई उन्हें देखने आया। वहां पहुंचकर उसने देखा कि उमेश जमीन पर गिरे पड़े थे और उनके ऊपर बिजली का तार लिपटा हुआ था। इसके बाद उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग जुटे और तार हटाकर उमेश को बाहर निकाला। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने किया मृत घोषित ग्रामीणों की मदद से परिजन उमेश को अनुमंडल अस्पताल मोहनिया ले गए। लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर मोहनिया पुलिस मौके पर पहुंची और कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया। पीछे छोड़ गए पत्नी और दो छोटे बच्चे मृतक उमेश यादव की शादी चार साल पहले हुई थी। वे अपने पीछे डेढ़ साल के बेटे और छह महीने की बेटी को छोड़ गए हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने सरकार से आर्थिक सहायता की मांग की है।
कैमूर में ट्रांसफॉर्मर का तार टूटा, युवक की मौत:खेत में चारा काटने वक्त हादसा, पत्नी और दो बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
