गुरुग्राम के गैंगस्टर गाडौली एनकाउंटर केस में सभी पुलिसकर्मी बरी:इनमें 5 हरियाणा पुलिस के; मुंबई की सेशन कोर्ट ने दिया फैसला

Spread the love

गुरुग्राम के गैंगस्टर संदीप गाडौली के कथित फर्जी एनकाउंटर के मामले में मुंबई की एक सेशन कोर्ट ने शुक्रवार को सभी आठ आरोपियों को बरी कर दिया है। इनमें हरियाणा पुलिस के पांच जवान भी शामिल हैं। उस समय के चर्चित रहे इन एनकाउंटर मामले में गैंगस्टर की दोस्त मॉडल दिव्या पाहुजा का नाम भी सामने आया था। जिनका गुरुग्राम के एक होटल में मर्डर हो चुका है। संदीप गाडौली को 7 फरवरी, 2016 को मुंबई के इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास एक होटल में गुरुग्राम पुलिस की टीम के ऑपरेशन के दौरान गोली मार दी गई थी। उस समय पुलिस ने दावा किया था कि यह एनकाउंटर असली था। पुलिस ने कहा था कि गाडौली पर कई हत्याओं समेत 40 से ज़्यादा आपराधिक मामले दर्ज थे। बरी किए गए लोगों में एनकाउंटर टीम के इंचार्ज प्रद्युम्न यादव, विक्रम सिंह, जितेंद्र यादव, दीपक काकरान, परमजीत अहलावत और सोनिया पाहुजा और वीरेंद्र गुर्जर के नाम शामिल हैं। दिव्या पाहुजा की मौत हो चुकी है। परिवार ने लगाया था फर्जी एनकाउंटर का आरोप हालांकि, यह एनकाउंटर विवादों में घिर गया था और संदीप के परिवार ने आरोप लगाया कि यह हत्या एक सोची-समझी साज़िश थी। उन्होंने दावा किया कि यह एनकाउंटर पुलिस अधिकारियों और गाडौली के विरोधी गैंगस्टर बिंदर गुर्जर के भाई मनोज के बीच हुई एक आपराधिक साज़िश का नतीजा था। कोर्ट में लगाई परिजनों ने गुहार गाडौली का शव लेने से इनकार करते हुए परिवार ने बॉम्बे हाई कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया, जिसने मुंबई पुलिस को एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) से जांच करवाने का आदेश दिया। SIT की जांच के नतीजों ने पुलिस के दावों पर सवाल खड़े कर दिए थे। एसआईटी ने गुरुग्राम पुलिस टीम को बनाया था आरोपी जांच अधिकारियों ने फ़ॉरेंसिक सबूतों और CCTV फ़ुटेज का हवाला देते हुए बताया कि गाडौली को गोली लगने के बाद लगभग 20 मिनट तक बिना किसी देखभाल के छोड़ दिया गया था। साथ ही, सबूतों के साथ छेड़छाड़ करने की भी कोशिशें की गई थीं, जिसमें घटनास्थल पर हथियार रखना और कैमरों को नुकसान पहुंचाना शामिल था। कथित गर्लफ्रेंड और उसकी मां भी आरोपी थीं इन्हीं नतीजों के आधार पर मुंबई पुलिस ने सब-इंस्पेक्टर प्रद्युमन यादव की अगुवाई वाली गुरुग्राम पुलिस टीम के कई सदस्यों और अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए थे। जिन लोगों पर आरोप लगाए गए थे, उनमें गाडौली की कथित गर्लफ्रेंड दिव्या पाहुजा और उसकी मां सोनिया भी शामिल थीं। विरोधी गैंगस्टर का नाम भी आया था जांच अधिकारियों ने इन दोनों पर आरोप लगाया था कि वे कोड वाली भाषा में बातचीत करके गाडौली की हरकतों के बारे में पुलिस को जानकारी दे रही थीं। इस साज़िश में गाडौली के विरोधी गैंगस्टर बिंदर गुर्जर का नाम भी शामिल था। सभी आरोपियों ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि गडोली को कानूनी निगरानी के ज़रिए ट्रैक किया गया था और सही प्रक्रिया का पालन किया गया था।