हरियाणा के नूंह जिले से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर गांव जयसिंहपुर के पास एक टाटा ऐस में अचानक आग लग गई। यह घटना उस समय हुई जब वाहन में संचालित की जा रही चलती-फिरती टायर पंचर की दुकान का चालक एक्सप्रेस-वे पर पंचर लगाकर वापस लौट रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टाटा ऐस के केबिन से अचानक धुआं उठना शुरू हुआ, और देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं। ड्राइवर के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने आग बुझाने में मदद की। घटना के कारण कुछ समय के लिए एक्सप्रेस-वे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने सुरक्षा के मद्देनजर अपने वाहन रोक दिए। गनीमत रही कि चालक समय रहते वाहन से बाहर निकल गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, आग से वाहन को भारी नुकसान पहुंचा है। पुलिस को नहीं दी गई सूचना : चौकी प्रभारी हैरानी की बात यह है कि इस हादसे के बावजूद न तो पुलिस को और न ही भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को इसकी सूचना दी गई। एक्सप्रेस-वे जैसे संवेदनशील और हाई-सिक्योरिटी मार्ग पर ऐसी घटना के बाद संबंधित विभागों को सूचित न करना कई सवाल खड़े करता है। नजदीकी पुलिस चौकी जयसिंहपुर के प्रभारी महेश कुमार ने बताया कि उन्हें इस घटना के संबंध में कोई सूचना नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि यदि कोई शिकायत प्राप्त होती है, तो मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर चलते टाटा ऐस में लगी आग:नूंह में टायर पंचर लगाकर लौट रहा था ड्राइवर, ग्रामीणों ने पाया बामुश्किल काबू
