छिंदवाड़ा जिले में बुधवार को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए जल हादसों में चार किशोर पानी में डूब गए। दोनों घटनाओं में अब तक एक-एक किशोर का शव बरामद कर लिया गया है। लापता दो अन्य किशोरों की तलाश के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। पहली घटना चौरई थाना क्षेत्र के बेलखेड़ा स्थित घोघरा वॉटरफॉल की है, जहां घूमने गए दो किशोर गहरे पानी में डूब गए। पुलिस के अनुसार, डूबने वालों की पहचान छिंदवाड़ा निवासी 14 वर्षीय गौरव डेहरिया और 17 वर्षीय विनायक गुप्ता के रूप में हुई है। ये दोनों किशोर अपनी बहनों के साथ वॉटरफॉल घूमने पहुंचे थे। मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों पानी के पास रील बना रहे थे, तभी अचानक गहराई में चले गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद चौरई पुलिस, प्रशासन और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, जिसमें से एक का शव निकाल लिया गया है और दूसरे की तलाश जारी है। खदान के तालाब में नहाते समय डूबे दो किशोर
दूसरी घटना जुन्नारदेव थाना क्षेत्र की डूंगरिया पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम कोठीदेव 11/12 नंबर ओपनकास्ट खदान के पास स्थित तालाब में हुई। यहां 7-8 युवकों का एक समूह जन्मदिन पार्टी मनाने पहुंचा था, जिनमें से कुछ तालाब में नहाने उतरे। नहाने के दौरान करीब 16 और 17 वर्ष के दो किशोर गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही जुन्नारदेव थाना प्रभारी जे. मसराम, उप थाना प्रभारी मुकेश डोंगरे और चौकी प्रभारी अंजना मरावी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पानी की अधिक गहराई और रात के अंधेरे के कारण बुधवार शाम को रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा था। गुरुवार सुबह दोबारा सर्च अभियान शुरू कर एक किशोर का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश की जा रही है। हादसे के बाद दोनों घटनाओं के पीड़ित परिवारों में गहरा शोक है।
छिंदवाड़ा में 4 किशोर डूबे, 2 के शव बरामद:बर्थडे मनाने गए 2 दोस्त तालाब में समाए; वॉटरफॉल में रील बनाते 2 किशोर भी डूबे
