करनाल में ब्यूटी पार्लर और घर पर फायरिंग:4-5 गोलियां चलाकर बदमाश फरार, विदेश में रह रहा बेटा; इलाके में दहशत

Spread the love

करनाल के फुसगढ़ गांव में बीती आधी रात एक ब्यूटी पार्लर और उपर बने मकान पर अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर दी। अचानक गोलियों की आवाज गूंजी तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बदमाश 4 से 5 राउंड फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई, लेकिन परिवार और मोहल्ले के लोग बुरी तरह डर गए। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ब्यूटी पार्लर के सामने रुके, फिर घर की तरफ भी चलाई गोलियां
जिस घर पर फायरिंग हुई, वह बलकार लाठर का है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात बदमाश सीधे ब्यूटी पार्लर के सामने पहुंचे और बिना कुछ कहे फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पार्लर से सटे घर की तरफ भी गोलियां चलाई गईं। गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। कई घरों की लाइटें जल गईं और लोग सहमे नजर आए। वारदात के बाद बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। विदेश में रहने वाले बेटे के घर को बनाया निशाना
बलकार करीब तीन साल पहले डंकी रूट से अमेरिका गया था। इसके लिए उसने 40 से 50 लाख रुपये खर्च किए थे। बलकार अमेरिका में ड्राइवर का काम करता है। उसका बड़ा भाई गांव में ही रहता है। ग्रामीण रजत लाठर ने बताया कि घटना के समय घर में बलकार की मां राजपती और पत्नी सीमा मौजूद थीं। नीचे की दुकान को ब्यूटी पार्लर के लिए किराये पर दिया हुआ है। रंजिश या फिरौती की बात सामने नहीं आई
परिवार और स्थानीय लोगों के अनुसार अभी तक किसी तरह की पुरानी रंजिश या फिरौती से जुड़ी कोई बात सामने नहीं आई है। अचानक हुई इस फायरिंग से परिवार दहशत में है। घर में मौजूद महिलाएं काफी डर गईं और देर रात तक बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पाईं। इलाके में पहली बार हुई ऐसी वारदात
घटना के बाद मोहल्ले में आक्रोश और डर दोनों का माहौल है। लोगों का कहना है कि उनके इलाके में यह पहली बार हुआ है। इससे पहले कभी इस तरह की फायरिंग की घटना नहीं हुई। रात के समय गोलियों की आवाज से बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सभी घबरा गए। पुलिस मौके पर पहुंची, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से खाली खोखे बरामद किए गए हैं। जांच अधिकारी विनोद ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।