नारनौंद में चैंबर को लेकर वकीलों का हंगामा:SDM पर अभद्रता का आरोप, हांसी और हिसार जिले में सोमवार को वर्क सस्पेंड

Spread the love

हांसी जिले की नारनौंद बार एसोसिएशन ने एसडीएम पर वकीलों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने, धमकियां देने और दबाव बनाने का आरोप लगाया है। एसोसिएशन का कहना है कि एसडीएम ने बाहरी तत्वों को बुलाकर यह सब किया। इस घटना के विरोध में सोमवार को नारनौंद, हांसी और हिसार की अदालतों में वर्क सस्पेंड रहेगा। बार एसोसिएशन के अनुसार, जब कार्यकारिणी एसडीएम से बातचीत करने पहुंची, तो समाधान निकालने के बजाय एसडीएम ने बार प्रधान के खिलाफ आरोप लगाते हुए नोटिस जारी कर दिया। वकीलों ने यह भी आरोप लगाया कि एसडीएम ने प्रधान को नोटिस देने के साथ ही सभी वकीलों की सीटों को रात में जेसीबी से तुड़वाने की धमकी भी दी। एसोसिएशन बोली- ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि एसडीएम ने वकीलों की सीटों को हटाने के लिए नायब तहसीलदार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया। साथ ही, नारनौंद नगर पालिका के कर्मचारियों और ट्रैक्टर बुलाकर वकीलों का सामान उठाने के आदेश दिए थे। वकीलों का कहना है कि इस दौरान मौके पर भारी पुलिस बल भी बुलाया गया था। हांसी बार प्रधान पवन रापड़िया ने बताया कि वकील कोर्ट परिसर में अपने प्रधान को कथित तौर पर गैर-कानूनी नोटिस जारी करने के विरोध में शांतिपूर्ण तरीके से एकत्रित हुए थे। इसी दौरान नारनौंद थाना प्रभारी रमेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वकीलों ने की नोटिस वापस लेने की मांग बार एसोसिएशन की मुख्य मांग है कि एसडीएम अपने द्वारा जारी किए गए इस गैर-जिम्मेदाराना नोटिस को तुरंत वापस लें और बार एसोसिएशन में आकर वकीलों से माफी मांगें। वकीलों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि सोमवार को नारनौंद, हांसी और हिसार की कोर्टों में वर्क सस्पेंड रहेगा। इसके साथ ही, वकीलों का एक प्रतिनिधिमंडल एसडीएम के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री से भी मुलाकात करेगा।