नरवाना में मकान की छत गिरी, मां-बेटी की मौत:दादी बच्चों को स्कूल छोड़ने गई थी; बेटा सामान लेने दुकान गया था

Spread the love

जींद जिले के नरवाना में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब एक पुराने मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में घर के अंदर मौजूद महिला और उसकी दो वर्षीय मासूम बेटी मलबे में दब गईं। आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया और दोनों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के समय घर पर नहीं थे अन्य सदस्य जानकारी अनुसार, मृत बच्ची का नाम मायरा और उसकी मां का नाम ऊषा है। महिला की उम्र करीब 26 साल है। उषा का पति आशीष पेंटर का काम करता है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, हादसे के समय परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। महिला की सास अपनी दो पोतियों को स्कूल छोड़ने गई हुई थीं। परिवार के तीन बच्चों में से दो बच्चे स्कूल गए हुए थे, जिससे वे इस हादसे से सुरक्षित बच गए। पति को रास्ते में मिली दर्दनाक खबर महिला का पति आशीष उस समय बाजार से सामान लेने गया हुआ था। रास्ते में उसे सूचना मिली कि घर की छत गिर गई है। यह खबर सुनते ही वह बदहवास हालत में मौके पर पहुंचा। पत्नी उषा और बेटी मायरा की मौत की खबर सुनकर उसका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस जांच में जुटी, इलाके में शोक की लहर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल छत गिरने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में मकान पुराना बताया जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।