हरियाणा के गुरुग्राम में हेल्थ डिपार्टमेंट के एक फर्जी डिप्टी डायरेक्टर को गिरफ्तार किया गया है। उसने एक प्रॉपर्टी डीलर से पैसे ऐंठने के लिए उसे झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी दी थी। इतना ही नहीं, आरोपी ने अपनी पत्नी के जरिए प्रॉपर्टी डीलर के खिलाफ रेप की झूठी शिकायत भी महिला थाने में दर्ज कराई थी। इस केस को रफा-दफा करने के लिए वह प्रॉपर्टी डीलर से 16 लाख रुपए कैश मांग रहा था। हालांकि, पकड़े जाने पर आरोपी ने बताया है कि वह MBBS डॉक्टर है। प्रॉपर्टी डीलर पर उसके पैसे बकाया थे, लेकिन वह लौटा नहीं रहा था। इसलिए, उसे धमकाकर और झूठे केस में फंसाकर रुपए निकालने की कोशिश की थी। सेक्टर-50 थाना पुलिस ने सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार किया और केस में कार्रवाई जारी है। आरोपी की पहचान नूंह के गांव मनुवास के रहने वाले कृष्ण कुमार जैलदार (42 वर्ष) के रूप में हुई है। यहां पढ़िए, क्या है पूरी कहानी… पुलिस ने पंचकूला से पकड़ा आरोपी
प्रॉपर्टी डीलर ने आरोपी को रुपए तो नहीं दिए, बल्कि पुलिस को शिकायत दी। शिकायत की जांच करते हुए पुलिस ने केके उर्फ कृष्ण के खिलाफ मामला दर्ज किया। इसके बाद उसे सोमवार, 12 जनवरी 2026 को पंचकूला से गिरफ्तार किया गया। यहां उससे आरोपों को लेकर पूछताछ हुई। गुरुग्राम सरकारी अस्पताल में नौकरी कर चुका
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह एक सरकारी MBBS डॉक्टर है, लेकिन वर्तमान में सस्पेंड चल रहा है। आरोपी ने बताया है कि वह पंचकूला और गुरुग्राम में सेक्टर 10 के सरकारी अस्पताल में तैनात रह चुका है। उसने बताया कि प्रॉपर्टी डीलर से उसका रुपयों का लेन-देन था। वह नहीं लौटा रहा था, इसलिए रुपए वसूलने के इरादे से पत्नी के साथ मिलकर उसे झूठे रेप केस में फंसाने की साजिश रची थी। ED की कार्रवाई के बाद सस्पेंड किया गया
सेक्टर-50 थाने के एसएचओ सुखबीर का कहना है कि आरोपी डॉक्टर के एक जानकार के यहां ईडी की रेड हुई थी। इसमें डॉक्टर की भी संलिप्तता सामने आई। तब इसकी जांच के दौरान हेल्थ विभाग ने डॉक्टर को सस्पेंड किया था।
गुरुग्राम में सस्पेंड MBBS डॉक्टर बना फर्जी डिप्टी डायरेक्टर:प्रॉपर्टी डीलर के खिलाफ पत्नी के रेप की झूठी कंप्लेंट कराई; ₹16 लाख मांगे, गिरफ्तार
