फरीदाबाद में डिवाइडर से टकरा पलटी कार:एक युवक की मौत, तीन दोस्त घायल, नए साल की पार्टी करने जा रहे थे

Spread the love

फरीदाबाद में नए साल का जश्न मनाने निकले दोस्तों की खुशियां मातम में बदल गईं। देर रात तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई और कई बार पलटते हुए हाईवे की ग्रिल से जा भिड़ी। इस भीषण हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं मृतक के शव को पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। जानकारी के अनुसार, कार में सवार चारों युवक फरीदाबाद के एनआईटी क्षेत्र के रहने वाले थे और आपस में अच्छे दोस्त बताए जा रहे हैं। सभी युवक नए साल की पार्टी मनाने के लिए देर रात घर से निकले थे। यह हादसा सुबह करीब 3:30 बजे बाटा मेट्रो स्टेशन के पास हुआ। एक युवक की मौत, 3 घायल कार नीलम फ्लाईओवर की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही थी। तेज रफ्तार के कारण ड्राइवर का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया और कार पहले लेफ्ट साइड डिवाइडर से टकराई, इसके बाद तीन से चार बार पलटते हुए सड़क किनारे लगी ग्रिल से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें लगे सभी एयरबैग खुल गए। हादसे में कार सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक युवक को अत्यधिक गंभीर चोटें आईं। घायल युवक ने करीब आधे घंटे बाद दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान सारांश के रूप में हुई है, जो एनआईटी क्षेत्र का रहने वाला था और जिसकी उम्र करीब 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। लोगों ने घायलों को निकाला दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह कार में फंसे सभी युवकों को बाहर निकाला और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोस्त बोला- फोन पर मिली जानकारी घटना की जानकारी मिलने पर घायलों का दोस्त चेतन भी मौके पर पहुंचा। चेतन ने बताया कि चारों दोस्त रात करीब 12 बजे तक घर पर ही मौजूद थे। अचानक बाहर जाने का प्लान कैसे बना, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है, क्योंकि वह सोने चला गया था। सुबह करीब 3:30 बजे उसे फोन आया कि उसके दोस्तों का एक्सीडेंट हो गया है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचा, जहां उसे पता चला कि इस हादसे में सारांश नाम के युवक की मौत हो गई है और बाकी दो-तीन दोस्त घायल हैं। पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-12 थाने से एएसआई संदीप कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और घायलों को अस्पताल भिजवाया, जबकि मृतक के शव को मॉर्च्युरी में रखवाया गया। एएसआई संदीप कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण ओवर स्पीड प्रतीत हो रहा है। कार नीलम फ्लाईओवर की ओर से अधिक तेज रफ्तार में आ रही थी, जिसके कारण ड्राइवर संतुलन खो बैठा और यह गंभीर हादसा हो गया। मामले की जांच कर रही पुलिस उन्होंने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार बलेनो है और बड़खल क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय चालक ने शराब पी रखी थी या नहीं, अथवा कोई अन्य कारण था। ड्रिंक एंड ड्राइव समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।