कुरुक्षेत्र में आज (रविवार) को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक को दो लोग बाइक पर बीच में बैठाकर शहर के अंबेडकर चौक के पास एक प्राइवेट हॉस्पिटल के बाहर छोड़कर गए थे। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। तलाशी लेने पर पहचान के लिए कोई दस्तावेज नहीं मिला है। प्रारंभिक तौर पर नशे की ओवरडोज की आशंका जताई जा रही है, हालांकि, मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा। छटपटाते हुए पानी मांग रहा था जानकारी अनुसार, रविवार को दो युवक एक अज्ञात युवक को बाइक पर बीच में बैठाकर शहर के सिग्नस हॉस्पिटल के बाहर लेकर पहुंचे। बताया जा रहा है कि युवक की हालत पहले से ही गंभीर थी। बाइक सवार उसे हॉस्पिटल के बाहर थड़ी (ढांचा) के पास बैठाकर वहां से चले गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक करीब 10 मिनट तक हॉस्पिटल के बाहर बैठा रहा। इस दौरान उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई। वह पानी मांग रहा था और बुरी तरह छटपटा रहा था। युवक की हालत खराब देखकर आसपास के लोगों ने हॉस्पिटल स्टाफ को सूचना दी। युवक के पैर सूजे हुए थे, नशे के ओवरडोज की आशंका हॉस्पिटल कर्मचारियों ने तुरंत व्हीलचेयर मंगवाकर उसे उपचार के लिए अंदर ले जाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। कर्मचारियों के अनुसार युवक के पैर सूजे हुए दिखाई दे रहे थे। मौके की परिस्थितियों को देखते हुए नशे की ओवरडोज की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मृतक की पहचान नहीं घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 टीम मौके पर पहुंची। बाद में सुभाष मंडी चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि युवक को हॉस्पिटल के बाहर छोड़कर जाने वाले लोगों का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।
कुरुक्षेत्र में प्राइवेट अस्पताल के गेट पर युवक की मौत:2 शख्स बाइक पर छोड़कर गए, काफी देर तड़पता रहा; नशे के ओवरडोज की आशंका
