शनिवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने बताया कि “विकसित भारत पदयात्रा” के रूप में चल रहे इस कार्यक्रम में युवा ही नहीं, बल्कि वरिष्ठ नागरिक भी शामिल होंगे। इस अवसर पर सांसद छत्रपाल गंगवार, पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप, मेयर डॉ. उमेश गौतम, विधायक संजीव अग्रवाल, एम.पी. आर्य, राघवेंद्र शर्मा, श्याम बिहारी लाल, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, जिला अध्यक्ष सोमपाल शर्मा, आंवला जिला अध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह और महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अभियान का डिजिटल शुभारंभ केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने 6 अक्टूबर को MY Bharat पोर्टल के माध्यम से किया था। इसके तहत सोशल मीडिया रील प्रतियोगिता, निबंध लेखन और Sardar@150 Young Leaders Program चलाया जा रहा है। चयनित 150 युवा नेता करमसद से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, केवड़िया तक 152 किमी की राष्ट्रीय पदयात्रा में शामिल होंगे।
31 अक्टूबर से 25 नवंबर तक हर जिले में तीन दिवसीय पदयात्राएँ आयोजित होंगी। पदयात्रा से पूर्व स्कूल-कॉलेजों में निबंध, वाद-विवाद, नुक्कड़ नाटक, योग शिविर, स्वच्छता अभियान, स्वदेशी मेले और “गर्व से स्वदेशी” शपथ कार्यक्रम होंगे। राष्ट्रीय चरण में करमसद से केवड़िया तक की यात्रा के दौरान 150 पड़ावों पर प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सरदार पटेल के जीवन से युवाओं को प्रेरित किया जाएगा।
युवा MY Bharat पोर्टल (mybharat.gov.in) पर पंजीकरण कर इस अभियान से जुड़ सकते हैं।
