रेवाड़ी यूनिवर्सिटी में 2 छात्रों का सुसाइड का प्रयास:पेट्रोल छिड़का; SHO समेत 7 पर FIR की मांग, स्टूडेंट्स में मारपीट का मामला

Spread the love

रेवाड़ी की इंदिरा गांधी यूनिवर्सिटी मीरपुर (IGU) में दो छात्रों ने पेट्रोल छिड़ककर आत्महत्या का प्रयास किया। इससे कैंपस में हड़कंप मच गया। छात्रों ने पुलिस पर मारपीट करने और अभद्रता करने का आरोप लगाया। धारूहेड़ा पुलिस छात्र के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी की ई-मेल और फोन पर मिली शिकायत के बाद बुधवार दोपहर को यूनिवर्सिटी पहुंची थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी हैडक्वाटर मौके पर पहुंचे और छात्रों की मांगों पर जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया। छात्रों का आरोप छात्र नेता युद्धिष्ठर और विनीत ने आरोप लगाया कि बुधवार दोपहर विवि प्रशासन की अनुमति के बिना धारूहेड़ा थाना से एसएचओ कश्मीर सिंह 6 पुलिसकर्मियों के साथ यूनिवर्सिटी पहुंचे। जब छात्रों ने इसका विरोध किया तो पुलिस ने स्टूडेंट्स के साथ धक्का-मुक्की और अभद्रता की। छात्र नेताओं का आरोप है कि अनुमति के बिना प्रवेश करना विवि की स्वायत्तता और विद्यार्थियों के अधिकारों का उल्लंघन है। SHO सहित 7 पर FIR की मांग छात्रों ने धारूहेड़ा थाना के एसएचओ और 6 पुलिस कर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। छात्र नेताओं ने कहा कि यदि हमारी मांग नहीं मानी गई तो पूरे प्रदेश में आंदोलन किया जाएगा। जिसके लिए पुलिस प्रशासन जिम्मेदार होगा। रात 11 बजे छात्र ने दी थी शिकायत एसएचओ कश्मीर सिंह ने बताया कि रात 11 बजे यूनिवर्सिटी के फॉर्थ सेमेस्टर के स्टूडेंट धारूहेड़ा निवासी छात्र नितिन ने धारूहेड़ा थाना और एसपी को मेल की थी। जिसमें यूनिवर्सिटी के पांच छात्रों पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए। बुधवार को नितिन ने फोन पर अपनी जान को खतरा बताते हुए कार्रवाई की मांग की। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। हम दोनों पक्षों से बातचीत के बाद मामले को निपटाकर वापस आने की तैयारी कर रहे थे। अन्य छात्रों ने भड़काने का प्रयास किया इसी दौरान दूसरे छात्रों ने आकर विवाद को फिर भड़काने का प्रयास किया। हमने उन्हें राजनीति करने की बजाय पढ़ाई पर ध्यान देने की बात की सलाह दी थी। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ गई और मारपीट पर आ गए। जांच के बाद कार्रवाई होगी डीएसपी हैडक्वाटर रविंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद वह यूनिवर्सिटी गए थे। छात्रों की बात सुनने के बाद उनका मांगपत्र ले लिया गया। मामले की जांच की जाएगी तथा जांच रिपोर्ट के अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।