गुरुग्राम में ₹2.30 करोड़ कैश, 68 तोला सोना बरामद:फेक गोल्ड बेचने वाला रैकेट पकड़ा, एक्टर आदित्य पंचोली को भी ठगा; मास्टरमाइंड 4 शादी कर चुका

Spread the love

गुरुग्राम में सस्ते दाम पर सोने के सिक्के देने का लालच देकर ठगी करने वाला एक बड़ा रैकेट पकड़ा गया है। पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के मास्टर माइंड समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 2.30 करोड़ रुपए से ज्यादा की नगदी और लगभग 678 ग्राम (68 तोला) सोना बरामद किया है। डीसीपी क्राइम हितेश यादव ने बताया कि आरोपी पहले असली सोना दिखाकर भरोसा जीतते थे और फिर सोने के नकली (पीतल) सिक्के देकर ठगी की वारदात को अंजाम देते। खास बात ये है कि ये गैंग बॉलीवुड स्टार के साथ भी ठगी कर चुका है। जिसमें आदित्य पंचोली भी शामिल हैं। वहीं, सलमान के पिता सलीम खान के पीए को भी ठगा गया। गैंग के लोग गरीब मजदूर का भेष बनाकर घूमते और अपने साथ 5-6 असली सोने-चांदी के सिक्के रखते थे। आरोपी पैसे वाले लोगों को दिखा कर कहते हैं कि ये मुझे जमीन की खुदाई में मिले है, आप मुझे अपना नंबर दे दे और इनको चेक कराकर मुझे दे देना। ऐसी ही वो सभी को फंसाते थे। ठगी के पैसे की बदौलत मास्टरमाइंड प्रभु ने चार शादियां कर रखी है और एक “लव यू” नाम की गुजराती फिल्म भी बना चुका है। अब सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला… गुरुग्राम के एक्सपोर्टर को ठगा एक अप्रैल को गुरुग्राम के रहने वाले एक्सपोर्टर ने थाना सुशांत लोक में शिकायत दर्ज करवाई कि 13 फरवरी 2026 को एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे सस्ते दाम में सोने व चांदी के सिक्के बेचने का लालच दिया। उस व्यक्ति ने इसको कुछ सोने व चांदी के सिक्के दिए जिसको इसके द्वारा ज्वेलर्स की दुकान पर चेक करवाने पर सोने व चांदी के सिक्के असली मिले। दोबारा असली सोने के सिक्के देने पर विश्वास बना पुलिस ने एक्सपोर्टर का नाम न बताते हुए बताया कि आरोपियों ने उसे एक बार फिर सिक्के दिए वह भी असली थे। जिससे इसको उस आरोपी पर भरोसा हो गया। इसके बाद आरोपी ने बड़ी मात्रा में सोने के सिक्के बेचने का झांसा देकर दो मार्च 2026 को उसके घर सुशांत लोक से लगभग 2.49 करोड़ रुपए नकद और करीब 50 तोला सोना ले लिया और बदले में नकली (पीतल) सिक्के दे दिए। एक्सपोर्टर ने सभी पैसे ब्याज पर किसी से लिए थे। क्राइम ब्रांच ने पकड़ा इसके बाद एक्सपोर्टर ने सुशांत लोक थाने में केस दर्ज कराया। जिसके बाद इसकी क्राइम ब्रांच-43 को सौंपी गई। पुलिस गुजरात में दबिश देकर मास्टर माइंड समेत चार आरोपियों को अरेस्ट किया। इनकी पहचान सोलंकी प्रभु भाई, गुलशनभाई उर्फ कल्पेश उर्फ रवि निवासी वडोदरा, पंकज शर्मा निवासी निहाल विहार (दिल्ली), मनीष कमलेश शाह निवासी करेली बाग जिला वडोदरा और ईश्वर मारवाड़ी निवासी रामदेव नगर खोडिया नगर जिला वडोदरा (गुजरात) के रूप में हुई है। अलग अलग जगह से पकड़े आरोपी और मास्टरमाइंड सोलंकी प्रभुभाई उर्फ कल्पेश उर्फ रवि के साथ पंकज शर्मा को गुरुग्राम वहीं आरोपी मनीष कमलेश शाह व आरोपी ईश्वर मारवाड़ी को गुजरात से गिरफ्तार किया गया है। खुदाई में मिलने की बात कहकर फंसाते थे पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी लालच देकर पढ़े लिखे लोगों को अपना शिकार बनाते थे। आरोपी प्रभुभाई गैंग के ज्यादातर सदस्य अनपढ़ हैं, जो गरीब मजदूर का भेष बना कर घूमते और अपने साथ में 5-6 असली सोने-चांदी के सिक्के रखते, जिनको पैसे वाले लोगों को दिखा कर कहते हैं कि ये मुझे जमीन की खुदाई में मिले है, आप मुझे अपना नंबर दे दे और इनको चेक कराकर मुझे बता दें कि इनकी कीमत क्या है। हम गरीब मजदूर लोग हैं, अगर हम चेक कराने जाएंगे तो पुलिस हमें पकड़ लेगी। 25 से 30 लाख रुपए किलो के भाव सौदा करते चेक कराने पर सिक्के सोने के मिलते और 25 से 30 लाख रुपए किलो के भाव में सौदा तय करते हैं, जिससे इतना मुनाफा होता देख लोगों के मन में लालच पैदा हो जाता और इसी लालच का फायदा उठा कर सोने का पानी चढ़ा हुआ तांबा दे कर हजारों किलोमीटर दूर भाग जाते हैं। फिल्मी सितारे भी हो चुके हैं ठगी का शिकार गैंग के सरगना प्रभु भाई पिछले 25 सालों से ठगी का काम करता आ रहा है। जिसमें ज्यादातर वारदातें मुंबई व गुजरात की हैं। ठगी के पैसों से आरोपी ने एक होटल PM भी खरीद रखा है, जो दिल्ली मुंबई रोड पर करजन लकोदरा मे स्थित है। करीब 15 साल पहले बॉलीवुड अभिनेता आदित्य पंचोली से भी 25 लाख व सलमान खान के पिता सलीम ख़ान के PA से 20 लाख रुपये ठग चुका है। गुजराती फिल्म बनाई, इसकी हीरोइन समेत चार शादियां की डीसीपी क्राइम हितेश यादव ने बताया कि ठगी के पैसे की बदौलत आरोपी प्रभु ने चार शादियां कर रखी है और एक “लव यू” नाम की गुजराती फिल्म भी बना चुका है। प्रभुभाई गुजरात नगर पालिका पार्षद चुनाव मे अपनी बीवी पार्वती सोलंकी को टिकट दिला कर नामाकंन भरवा कर राजनीति मे अपना वर्चस्व जमाना चाहता था। पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया आरोपियों के अपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि आरोपी सोलंकी प्रभुभाई गुलशनभाई के खिलाफ पहले भी धोखाधड़ी के तहत दो केस महाराष्ट्र तथा धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत 07 मामले गुजरात में दर्ज हैं। इस केस में पुलिस दो महिलाओं को भी अरेस्ट करेंगी। वे महिलाएं फिलहाल कोटा जेल में बंद हैं। जिसमें से एक महिला को प्रभु सोलंकी अपनी बहन बताता था।