हरियाणा के करनाल में एक युवक की हत्या कर दी गई। मंगलवार को उसका शव नन्हेड़ा गांव के पास खेतों में पड़ा मिला। उसके चेहरे पर तेजाब डाला गया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। युवक का शव कब्जे में लेकर इंद्री के सरकारी अस्पताल भिजवा दिया। मृतक की पहचान चुरनी जागीर निवासी बॉबी (22) के रूप में हुई है। परिवार का आरोप है कि एक दिन पहले बॉबी को कुछ युवकों ने कॉल कर बाहर बुलाया था। इसके बाद वह लापता हो गया। धनिया काटते हुए इनकी आपस में कहासुनी हुई थी। इसी बात से आरोपी रंजिश रखे हुए थे। फिलहाल इंद्री पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्दी लौटने की बात कहकर गया चुरनी जागीर निवासी प्रिंस ने बताया कि भाई बॉबी मजदूरी करता था। घर में माता-पिता और एक बहन भी हैं। 25 मई की सुबह संगोहा गांव के कुछ युवकों ने कॉल कर बॉबी को बुलाया था। बॉबी ने परिवार को बताया था कि वह पास में ही जा रहा है और जल्द लौट आएगा, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं आया। मंगलवार को दिन में पुलिस ने परिजनों को सूचना दी कि नन्हेड़ा गांव के पास एक युवक का शव मिला है। डेढ़ साल से चल रही थी रंजिश प्रिंस ने बताया कि जब दोपहर साढ़े 12 बजे जब वह मौके पर पहुंचे तो बॉबी के साथ बुरी तरह मारपीट की गई थी। उसके चेहरे पर तेजाब डाला गया था। बॉबी की संगोहा गांव के कुछ युवकों के साथ करीब एक से डेढ़ साल से रंजिश चल रही थी। उसका भाई और दूसरे युवक धनिया काटने के लिए गए हुए थे। तभी इनकी आपस में कहासुनी हुई। जान से मारने की धमकी दी थी प्रिंस ने आगे बताया कि पहले भी तीन बार बॉबी पर हमला हुआ, लेकिन हर बार वह बच गया। एक बार कुछ युवक घर में भी घुस आए थे। 12 युवकों पर कोर्ट केस भी चल रहा है। इसके बाद भी वे लगातार फैसले का दबाव बना रहे थे। आरोपियों ने धमकी दी थी कि बॉबी को जान से मार देंगे और आखिरकार उन्होंने अपनी धमकी को अंजाम दे दिया। जांच अधिकारी बोले- रंजिश में हत्या हुई इंद्री थाने से जांच अधिकारी जसबीर सिंह ने बताया कि युवक खेतों में औंधे मुंह पड़ा था। जब उसे सीधा किया गया, तो मुंह पूरी तरह से तेजाब से झुलसा हुआ था। जिसके बाद मौके पर ही एफएसएल टीम को बुलाया गया। साक्ष्य जुटाने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम हाउस में भिजवा दिया। शुरुआती जांच में रंजिश के चलते हत्या का मामला लग रहा है।
चेहरे पर तेजाब डालकर युवक की हत्या:करनाल में खेतों में मिला शव; भाई बोला- धनिया काटते हुए झगड़ा हुआ था
