हरियाणा में हांसी BJP विधायक विनोद भयाणा को अपने ही हलके के ग्रामीणों ने खूब खरी खोटी सुनाई। विधायक है यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। विधायक गांव चनौत में 10 दिन से चल रहे धरने पर पहुंचे थे। ग्रामीण चाहते हैं कि भाखड़ा नहर का शुद्ध पानी लाने के लिए ₹68 करोड़ की लागत से बने प्रोजेक्ट में से उनके गांव के लिए पानी की व्यवस्था की जाए। मगर सरकार इसकी मंजूरी नहीं दे रही। ग्रामीणों ने कहा कि वह गांव से पाइप लाइनों को रास्ता तभी देंगे जब उनको पानी दिया जाएगा। ग्रामीणों ने विधायक को दो टूक कहा कि अगर पानी मिलेगा तो ही उनको वोट देंगे अगर पानी नहीं मिला तो पूरा गांव उनका विरोध करेगा। इस पर विधायक सिर झुकाए बैठे रहे और हंसते रहे। हालांकि विधायक ने कहा कि यह मेरा विषय नहीं है मैं इस बारे में सरकार से बात करूंगा। इसलिए धरने पर गए थे विधायक भयाणा दअरसल, भाखड़ा नहर का शुद्ध पानी लाने के लिए करीब ₹68 करोड़ की लागत से प्रोजेक्ट तैयार किया गया है। यह प्रोजेक्ट तीसरी बार अटक गया है। चानौत गांव के ग्रामीणों की मांग और धरने के चलते पिछले 10 दिनों से प्रोजेक्ट रुका हुआ है। इससे पहले भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से एनओसी न मिलने के कारण काम बाधित हुआ था। उसके बाद पिछले वर्ष तेज बारिश के कारण हांसी-बरवाला रोड पर हुए भारी जलभराव की वजह से काम रोकना पड़ा था। अब, चानौत गांव के ग्रामीणों के आंदोलन के कारण काम एक बार फिर बंद है। ये है ग्रामीणों की मांग चानौत गांव के ग्रामीण हांसी-बरवाला रोड के किनारे धरने पर बैठे हैं। ग्रामीणों की मुख्य मांग यह है कि इस पाइपलाइन प्रोजेक्ट के तहत उनके गांव के जलघर (वाटर वर्क्स) के लिए भी पेयजल का सीधा कनेक्शन दिया जाए, ताकि गांव को हमेशा के लिए पेयजल संकट से मुक्ति मिल सके। अगर ऐसा नहीं होता है तो वह प्रोजेक्ट शुरू नहीं होने देंगे। जानिए ग्रामीणों ने विधायक से क्या-क्या कहा… सरपंच ने प्रस्ताव भेजे, ग्रांट नहीं मिली धरने पर बैठे ग्रामीण अनूप ने विधायक के मुंह पर ही उनके किए गए 12 अधूरे वादे गिनवाए। अनूप ने बताया कि पिछले दो साल से विधायक कोटे से चैनत गांव को कोई विकास निधि नहीं मिली है, जबकि गांव के सरपंच से कई विकास प्रस्ताव लिए गए थे। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में विधायक ने 15 दिनों के भीतर गांव की फिरनी और श्मशान घाट के लिए फंड देने का आश्वासन दिया था, लेकिन नौ महीने बीतने के बाद भी कोई राशि जारी नहीं हुई। जलभराव को लेकर कोई काम नहीं हुआ ग्रामीणों ने पिछली बारिश के दौरान गांव में हुए जलभराव का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि उस समय विधायक ने खुली ड्रेन और पक्के निर्माण कार्य करवाने का आश्वासन दिया था ताकि भविष्य में जलभराव न हो, लेकिन आज तक कोई काम शुरू नहीं हुआ। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि जलभराव से खराब हुई फसलों का किसानों को कोई मुआवजा नहीं मिला है। मोटर पहुंचाने का आश्वासन दिया था ग्रामीणों ने 29 अप्रैल को दिए गए एक अन्य आश्वासन का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि विधायक ने उसी दिन 50 एचपी मोटर खरखड़ी पहुंचाने और चार दिनों के भीतर एस्टीमेट बनाकर चंडीगढ़ भेजने की बात कही थी, लेकिन इस दिशा में अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। सरपंच की डिमांड पर दो साल बाद भी काम नहीं ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि वर्ष 2024 में सरपंच हिमांशु से स्पेशल पाइपलाइन के लिए पंचायत लेटर पैड पर मांग पत्र लिया गया था, लेकिन दो साल बीत जाने के बाद भी काम शुरू नहीं हुआ। इसके अतिरिक्त, ‘हर घर जल’ योजना के तहत भी कई गांवों और ढाणियों में अभी तक नल कनेक्शन नहीं लग पाए हैं।
हांसी में BJP विधायक का विरोध, अधूरे वादे पढ़कर सुनाए:68 करोड़ का भाखड़ा नहर प्रोजेक्ट शुरू करवाने पहुंचे थे, ग्रामीण बोले-वोट नहीं देंगे
