सोनीपत में युवक की हत्या:पहले पीटा फिर धारदार हथियार से किए वार, खून से लथपथ मिला शव

Spread the love

सोनीपत में एक 25 वर्षीय युवक की हत्या का मामला सामने आया है। युवक को पहले लाठी-डंडों से पीट-पीटकर अधमरा किया गया और फिर धारदार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया गया। खून से लथपथ हालत में युवक का शव मुरथल फ्लाईओवर के नीचे सुलभ शौचालय के पास मिला, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। शुरुआती जांच में युवक की पहचान नहीं हो पाई, लेकिन बाद में सोशल मीडिया के जरिए उसकी शिनाख्त हुई। उसकी पहचान आर.के. कॉलोनी, मुरथल निवासी अंकुश (25) के रूप में हुई। फ्लाईओवर के नीचे मिला खून से लथपथ शव मंगलवार सुबह मुरथल फ्लाईओवर के नीचे उस वक्त सनसनी फैल गई जब राहगीरों ने एक युवक को गंभीर हालत में पड़ा देखा। युवक के शरीर पर कई गहरे चोट के निशान थे और वह खून से लथपथ था। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, इसकी सूचना तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को दी गई। राहगीर ने दी पुलिस को सूचना गांव मुरथल के रहने वाले महेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सुबह सोनीपत की ओर जा रहे थे, तभी फ्लाईओवर के नीचे भीड़ देखकर रुके। पास जाकर देखा तो युवक अचेत अवस्था में पड़ा था। उसके सिर, मुंह और पैरों पर गंभीर चोटें थीं और शरीर के ऊपरी हिस्से पर कपड़े नहीं थे। अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविलअस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पहले बेरहमी से पीटा, फिर धारदार हथियार से हमला प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने युवक के साथ पहले जमकर मारपीट की और फिर किसी धारदार हथियार से वार कर उसकी हत्या कर दी। शरीर पर मिले चोटों के निशान इस बात की पुष्टि करते हैं कि हमला बेहद क्रूरता से किया गया। सोशल मीडिया से हुई युवक की पहचान पुलिस ने शव की पहचान के लिए युवक की फोटो सोशल मीडिया पर जारी की। इसके बाद बुधवार दोपहर को उसकी पहचान अंकुश (25) निवासी आर.के. कॉलोनी, मुरथल के रूप में हुई। वह मूल रूप से गांव नैना ततारपुर का रहने वाला था। मजदूरी कर करता था परिवार की मदद जांच में पता चला है कि अंकुश अविवाहित था और मजदूरी कर अपने परिवार का सहारा बना हुआ था। वह 6 भाई-बहन थे और घर की आर्थिक स्थिति को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा था। सोमवार रात घर से निकला, फिर नहीं लौटा परिजनों के अनुसार अंकुश सोमवार रात घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिवार ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में पुलिस द्वारा जारी फोटो से उसकी पहचान हो पाई। अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज, जांच जारी पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।