करनाल शहर के मॉडल टाउन क्षेत्र की दयानंद कॉलोनी में एक 21 वर्षीय युवक ने अपने ही जन्मदिन के दिन फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रात को युवक की अपने पिता से बातचीत हुई थी और उसे जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दी गई थीं। लेकिन अगले ही दिन दोपहर उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान सचिन के रूप में हुई है, जो 12वीं पास था। वह मूल रूप से यूपी के आजमगढ़ का रहने वाला था। मॉडल टाउन की दयानंद कॉलोनी में पिछले 5-6 साल से किराए के मकान में अकेला रह रहा था और काम की तलाश में था। उसके पिता गुरुग्राम में प्राइवेट नौकरी करते हैं। सचिन की मां का बचपन में ही निधन हो गया था। परिवार में उसका एक भाई है और पिता ने दूसरी शादी कर रखी है। घटना के समय माता-पिता और भाई यूपी में एक शादी में गए हुए थे। कम बोलने था, घर से बाहर कम निकलता था मकान मालिक के अनुसार, सचिन बहुत कम बोलता था और घर से बाहर भी कम ही निकलता था। वह अधिकतर अपने कमरे में ही रहता था। किसी को अंदाजा नहीं था कि वह ऐसा कदम उठा सकता है। सीसीटीवी बंद कर दिया, रात तक खेलता रहा गेम मकान मालिक ने बताया कि कमरे में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे। जांच में सामने आया कि रात करीब एक बजे तक सचिन मोबाइल पर गेम खेल रहा था। इसके बाद उसने खुद ही कैमरे बंद कर दिए थे, क्योंकि डीवीआर उसके कमरे में ही रखा हुआ था। भाई के कॉल न उठाने पर हुआ शक परिवार के अनुसार, जब छोटे भाई ने सचिन को कॉल किया तो उसने फोन नहीं उठाया। मोबाइल के जरिए कैमरे भी चेक किए गए, लेकिन वे बंद मिले। इसके बाद छोटे भाई ने अपने एक परिचित को कॉल कर मौके पर भेजा। मौके पर पहुंचे परिचित ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद खिड़की से देखा तो सचिन फंदे पर लटका हुआ था। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दरवाजा खोलकर शव को नीचे उतारा और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भिजवाया। ईआरवी इंचार्ज रामदिया ने बताया कि सुसाइड की सूचना मिली थी और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
करनाल में बर्थडे पर युवक ने लगाई फांसी:कमरे में लटका मिला शव, रात को पिता से हुई थी बात; किराए पर रहता था
